Tag: Manipur

  • गोवा और मणिपुर में चुनाव से पहले, देशभर में क्रिसमस मनाएगा भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा

    गोवा और मणिपुर में चुनाव से पहले, देशभर में क्रिसमस मनाएगा भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा

    नई दिल्ली | गोवा और मणिपुर में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने इस साल पूरे देश में क्रिसमस मनाने का फैसला किया है।

    मणिपुर और गोवा में ईसाई एक महत्वपूर्ण और निर्णायक भूमिका निभाते हैं।

    योजना के तहत बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा कश्मीर से कन्याकुमारी और गोवा से मणिपुर तक हर ब्लॉक में ‘क्रिसमस मिलन’ का आयोजन करेगा। समारोह के माध्यम से, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा समुदाय तक पहुंचने और उनका समर्थन हासिल करने की कोशिश करेगा।

    भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने आईएएनएस को बताया कि क्रिसमस पूरे देश में मनाया जाता है। क्रिसमस उत्सव का आयोजन करके पार्टी भारत के मौजूदा लोकाचार का पालन कर रही है जहां सभी त्योहार एक साथ मनाए जाते हैं।

    “अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता सामुदायिक भागीदारी के साथ अपने-अपने ब्लॉक में क्रिसमस समारोह का आयोजन करेंगे। हमने पूरे देश में लोगों की भागीदारी के साथ उत्सव मनाना शुरू कर दिया है। भविष्य में, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा देश के सभी त्योहारों को लोगों के साथ मनाता रहेगा। त्योहार हमारी भारतीय संस्कृति का हिस्सा हैं और हम इसका पालन कर रहे हैं।”

    सिद्दीकी ने यह भी कहा कि क्रिसमस मनाते हुए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर ‘सुशासन दिवस’ भी मनाएंगे। सभी राज्य इकाइयों को ब्लॉक स्तर पर क्रिसमस का जश्न सुनिश्चित करने और बच्चों को उपहार बांटने को कहा गया है।

    नवंबर में, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने पूरे देश में बड़े पैमाने पर ‘दिवाली’ मनाई थी। यह पता चला है कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने अल्पसंख्यक मोर्चा को देश भर में त्योहार मनाने और उत्तर प्रदेश, पंजाब, मणिपुर, गोवा और उत्तराखंड में विशेष ध्यान देने के लिए कहा है।

    भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सैयद यासिर जिलानी ने कहा, “हम सभी धर्मों और समुदायों के सभी त्योहारों को सामाजिक एकता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के आदर्श संदेश को भेजने के लिए मना रहे हैं।”

    उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी-मार्च में होंगे।

  • उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में कांग्रेस की दिसंबर तक उम्मीदवारों के ऐलान की रणनीति

    उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में कांग्रेस की दिसंबर तक उम्मीदवारों के ऐलान की रणनीति

    नई दिल्ली | उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा चुनाव में चुनावी तैयारी में जुटी कांग्रेस पार्टी ने दिसंबर तक उम्मीदवारों का ऐलान करने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा चुनाव के लिए स्क्रीनिंग कमेटी का गठन कर दिया है। स्क्रीनिंग कमेटी में उत्तराखंड की जिम्मेदारी अविनाश पांडे को दी गई है। जोकि इससे पहले राजस्थान के प्रभारी रह चुके हैं। तो वहीं मणिपुर का जिम्मा पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश को सौंपा है। वहीं गोवा के लिए रजनी पाटिल को स्क्रीनिंग पैनल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, ये सभी नेता चुनावी राज्यों में स्क्रीनिंग कमेटी को हेड करेंगे। गौरतलब है कि कांग्रेस की ये स्क्रीनिंग कमेटी चुनावी रणनीति से लेकर उम्मीदवारों की लिस्ट तक, चुनावी राज्यों में संगठन के हर अहम मसले में अपना दखल रखेगी। राज्य के ताजा हालात पर अहम निर्णय लेगी और सक्रिय भूमिका निभायेगी। फिलहाल जिन चुनावी राज्यों की स्क्रीनिंग के ऐलान किये गए हैं। इनमें अविनाश पांडे, जयराम रामेश और रजनी पाटिल पर बड़ी जिम्मेदारी है। इन सभी को अपने-अपने राज्य में संगठन को मजबूत करना है, बेहतर तालमेल बैठाने के लिए काम करना है और पार्टी को फिर सत्ता में लाने की कोशिश करनी है। जिसके लिए एक बेहतर उम्मीदवार का चयन करना है। ये चयन प्रक्रिया कई स्तर की होगी। उत्तराखंड की बात करें तो कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी में अविनाश पांडे के साथ अजय कुमार, विरेंद्र सिंह राठोर, प्रभारी देवेंद्र यादव, गणेश गोडियाल, प्रीतम सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को रखा गया है। वहीं मणिपुर की कमेटी में पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश के साथ प्रद्युत, रकिबुल हुसैन, भक्त चरण दास और लोकेस सिंह को शामिल किया गया है। गोवा चुनाव के लिए रजनी के साथ हिबी ईडन, ध्रुव नारायण, दिनेश गुंडू राव, गिरीश चंदोंकर को स्क्रीनिंग टीम में रखा गया है।

    आने वाले साल 2022 में इन तीनों राज्यों में चुनाव होने हैं, कांग्रेस पूरी तरह से इन राज्यों में चुनावी मोड में आ चुकी है। शीर्ष नेतृत्व ने स्क्रीनिंग टीम का ऐलान कर दिया है। उत्तराखंड और मणिपुर दो ऐसे राज्य हैं जहां कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी थी।

    उत्तराखंड प्रभारी देवेन्द्र यादव की मानें तो उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया पिछले साल ही शुरू कर दी गई थी। उत्तराखंड चुनाव के लिए, उम्मीदवारों के चयन में एक खास प्रक्रिया को अपनाया गया है। सबसे पहले तो उम्मीदवार जिताऊ होना चाहिए जो लम्बे समय से पार्टी के लिए मेहनत में जुटा हो। सभी राज्यों में उम्मीदवारों के चयन में महिलाओं व युवाओं को भी प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि अगले माह दिसम्बर तक स्क्रीनिंग कमेटी बहुत से नाम फाइल कर देगी। जिसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष उस पर अंतिम मुहर लगाएंगी।

    उम्मीद लगाई जा रही है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी वहां भी अपनी स्क्रीनिंग टीम का ऐलान जल्द ही कर सकती है।

  • मणिपुर के 2 कांग्रेसी विधायकों ने थामा भाजपा का दामन, संबित पात्रा ने दिया अबकी बार 40 पार का नारा

    मणिपुर के 2 कांग्रेसी विधायकों ने थामा भाजपा का दामन, संबित पात्रा ने दिया अबकी बार 40 पार का नारा

    नई दिल्ली| मणिपुर विधान सभा चुनाव के मद्देनजर विस्तार अभियान में लगे भाजपा ने सोमवार को राज्य की विपक्षी पार्टी कांग्रेस को करारा झटका दे दिया है। सोमवार को मणिपुर से कांग्रेस के 2 विधायकों आर के इमो सिंह और याम थोंग हाओकिप ने भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए भाजपा का दामन थाम लिया।

    केंद्रीय मंत्री सवार्नंद सोनोवाल और मणिपुर प्रभारी एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस के दोनों विधायकों को भाजपा की सदस्यता दिलाई।

    इन दोनों नेताओं को भाजपा में शामिल करने के बाद पार्टी के मणिपुर प्रभारी एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने दावा किया कि भाजपा दो-तिहाई बहुमत के साथ राज्य में दोबारा से सरकार बनाने जा रही है। संबित पात्रा ने कहा कि हमारा नारा है, अबकी बार चालीस पार।

    केंद्रीय मंत्री और असम के पूर्व मुख्यमंत्री सवार्नंद सोनोवाल ने दोनों नेताओं का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश के मुताबिक सभी केंद्रीय मंत्री लगातार नार्थ ईस्ट के राज्यों का दौरा कर रहे हैं। इससे वहां के लोगों का विश्वास भी बढ़ा है और तेज गति से विकास भी हो रहा है। उन्होंने नार्थ ईस्ट के विकास और देश दुनिया में इसका नाम रौशन करने के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद भी कहा।

    भाजपा में शामिल होने के बाद आर के इमो सिंह ने कहा कि मणिपुर में शांति और विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक काम किया है। पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने ऐतिहासिक काम किया है। आज मणिपुर में पूरी तरह शांति है । उन्होंने कहा कि अब हम सब मिलकर राज्य में दो-तिहाई बहुमत के साथ फिर से भाजपा की सरकार बनाने के लिए काम करेंगे।

    भाजपा में शामिल होने के बाद दोनों नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की।