महिला हिंसा बंद करो, सम्मान, सुरक्षा और समानता सुनिश्चित करो
अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) जिला कमेटी, गौतम बुद्ध नगर की ओर से जिले की समस्त मेहनतकश महिलाओं, कामगार बहनों तथा आम जनता से अपील की जाती है कि समाज से हर प्रकार की महिला हिंसा को मिटाने के लिए एकजुट होकर संकल्प लें।
सीटू जिला कमेटी के सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि जिस समाज में नारी का सम्मान नहीं होता, वह समाज कभी सच्ची प्रगति नहीं कर सकता। आज भी घर, कार्यस्थल, सड़क और सार्वजनिक जीवन में महिलाओं को घरेलू हिंसा, लैंगिक भेदभाव, छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, कम मजदूरी और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति केवल कानून बनाने से नहीं बदलेगी, इसके लिए समाज की सोच बदलनी होगी और हिंसा के खिलाफ आवाज उठानी होगी।
उन्होंने कहा कि कारखानों, संस्थानों, घरों में काम करने वाली, आशा, आंगनबाड़ी, मिड-डे मील, ठेका, संविदा और असंगठित क्षेत्र की महिला कामगारें दोहरी शोषण की शिकार हैं। उन्हें समान काम के लिए समान वेतन नहीं मिलता, मातृत्व अवकाश, सुरक्षा और सम्मानजनक कार्य वातावरण से वंचित रखा जाता है। सीटू मांग करता है कि – 1. महिलाओं के विरुद्ध हर प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न और भेदभाव पर सख्त रोक लगे। 2. कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए कानूनों का सख्ती से पालन हो और शिकायत समितियों का गठन हो। 3. समान काम के लिए समान वेतन, स्थायी रोजगार, मातृत्व लाभ और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित हो। 4. घरेलू हिंसा की पीड़िताओं को त्वरित न्याय, सुरक्षा और पुनर्वास मिले। 5. हर बेटी को डर नहीं, आजादी चाहिए और हर महिला को सहारा नहीं, सम्मान चाहिए – इस भावना को समाज में स्थापित किया जाए। सीटू जिला कमेटी ने आह्वान किया है कि आज के दिन हम सब मिलकर यह संकल्प लें – अपनी आवाज उठाएं, एक-दूसरे का साथ निभाएं और बदलाव की शुरुआत करें। सम्मान, समानता और सुरक्षा – हर महिला का अधिकार है।







