तमिलनाडु के मदुरै जिले के तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित विवादित दीपथून पर शनिवार को कार्तिगई दीपम महोत्सव के तहत पारंपरिक दीप प्रज्वलन किया गया. दीप प्रज्जवलन के दौरान श्रद्धालुओं ने ‘वेट्रिवल मुरुगनुक्कु अरोहारा’ यानी ‘भगवान मुरुगन की जय’ के जयकारे लगाए। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, कार्तिगई दीपम को प्रज्वलित करने के लिए 30 किलोग्राम घी, 50 मीटर लंबी रूई की बत्ती और 5 किलोग्राम कर्पूर का इस्तेमाल किया गया. वहीं, सीआरपीएफ की कड़ी सुरक्षा में हो रहे इस भव्य कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक वाद्य यंत्रों और मंत्रोच्चार किया गया।
कार्तिगई दीपम के जलाए जाने के दौरान तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के नीचे स्थित मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु इकट्ठा हुए और जोरों-शोर के साथ भगवान मुरुगन के जयकारे लगाते नजर आए. इस दौरान भक्तों ने खूब आतिशबाजी की, पटाखे फोड़े, पारंपरिक वाद्य यंत्र भी बजाए। यह पूरा कार्यक्रम सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद मंदिर प्रशासन के रिसीवर के तौर पर मौजूद दो सेवानिवृत जजों की मौजूदगी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) की सुरक्षा और निगरानी में पूर्ण किया गया. विवादित दीपथून पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम को शीर्ष अदालत के आदेश के मुताबिक शाम 5 बजे किया गया. वहीं, दीपथून ने कार्तिगई दीपम के प्रज्वलन के बाद भगवान मुरुगन के भक्त काफी भावुक नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान पहाड़ी पर आम लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध
दीपम प्रज्वलन कार्यक्रम के मद्देनजर आम लोगों के पहाड़ी पर आवाजाही करने पर प्रतिबंध लगाया गया था। हालांकि, कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सिर्फ 50 श्रद्धालुओं के एक समूह को तिरुपरनकुंद्रन पहाड़ी पर चढ़ने की अनुमति दी गई थी, लेकिन शनिवार को कुछ श्रद्धालुओं ने सुरक्षा बैरिकेडिंग को हटाकर पहाड़ी की चोटी तक जाने वाले रास्ते में पहले ही प्रवेश कर लिया था।
CRPF के आईजी ने क्या कहा?
CRPF की सुरक्षा में हो रहे इस कार्यक्रम को लेकर अर्धसैनिक बल के साउदर्न सेक्टर के आईजी जनरल टी. विक्रम ने कहा कि फिलहाल तिरुपरनकुंद्रम दीपम स्तंभ के पास आम लोगों को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहां प्रवेश करने को लेकर फैसले के बारे में बाद में सूचित किया जाएगा।





