मांग पूरी नहीं होने पर दी तीव्र आंदोलन की चेतावनी
देहगुड़ बांध की नहर की सफाई और मरम्मत की मांग को लेकर दातोरा के किसानों ने अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा
मुलतापी। किसान संघर्ष समिति द्वारा गन्ना किसानों से ₹600 प्रति क्विंटल की दर से गन्ना खरीदी करने तथा देहगुड़ बांध से दातोरा तक नहर की सफाई और मरम्मत की मांग को लेकर अनुविभागीय अधिकारी ,मुलतापी को ज्ञापन सौंपा गया।
इस अवसर पर डॉ. सुनीलम ने कहा कि देशभर के गन्ना उत्पादक किसान ₹600 प्रति क्विंटल की दर से गन्ना खरीदी की मांग कर रहे हैं। यह एक राष्ट्रव्यापी मांग है। आमला, बैतूल, नरसिंहपुर और भोपाल में किसानों के सतत आंदोलन जारी हैं। सात किसान संगठनों ने नरसिंहपुर में गन्ना परिषद भी की थी, लेकिन सरकार गन्ना मिल मालिकों के साथ खड़ी दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि गन्ना मिल मालिकों द्वारा किसानों की लगातार लूट की जा रही है और मोटा मुनाफा कमाया जा रहा है।
इस संबंध में ज्ञापन सौंपने के बाद उन्होंने जिलाधीश से भी फोन पर चर्चा की। जिलाधीश ने बताया कि
उनकी जानकारी के अनुसार गन्ना किसानों और मिल मालिकों के बीच सहमति बन गई है। इस पर डॉ. सुनीलम ने कहा कि किसान संघर्ष समिति द्वारा इस मांग को लेकर आंदोलन किया जा रहा है, लेकिन समिति के किसी भी प्रतिनिधि को बैठक में शामिल नहीं किया गया।
इस पर जिलाधीश ने कहा कि वे फिर से बैठक बुलाने के लिए कहेंगे ।
डॉ. सुनीलम ने कहा कि देहगुड़ बांध की नहर की सफाई और मरम्मत नहीं होने से किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने दातोरा के किसानों के साथ डॉ सुनीलम ने ज्ञापन सौंपा। इस संबंध में उन्होंने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री से भी बातचीत की। कार्यपालन यंत्री ने आश्वासन दिया कि वे अगले दिन ही देहगुड़ बांध की नहर का दौरा कर समस्या के निराकरण का प्रयास करेंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष जगदीश दोड़के, तहसील अध्यक्ष कृपाल सिंह सिसोदिया, आमला तहसील अध्यक्ष दिनेश यदुवंशी, जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण बोरबन, शेषराव सूर्यवंशी, बिनोदी महाजन, सीताराम नरवरे, भूरेंद्र माकोड़े, इंद्रजीत गोहिते, लक्ष्मण पाटनकर, उत्तम सिंह परमार, आनंदराव डोंगरदिए, संतोष सिंह, खेमराज यादव, अर्जुन यादव, धर्मराज नरवरे, लवकुश, धुरवन सिंह, नामदेव धोटे, गगन दाते, दिलीप धोटे, विजय धोटे, सदाशिव धोटे सहित अनेक किसान उपस्थित थे।







