जीने लायक न्यूनतम वेतन, ठेकेदारी प्रथा का खात्मा, डबल ओवरटाइम, 8 घंटा ड्यूटी, महिलाओं को बराबर वेतन, सुरक्षा व क्रेच की सुविधा, रेहड़ी-पटरी कामगारों को बिना वैकल्पिक जगह के उजाड़ना बंद कर 2014 के पथ विक्रेता कानून के मुताबिक सभी को वेंडिंग लाइसेंस देने, भवन निर्माण बोर्ड में रजिस्ट्रेशन-रिन्यूअल को सरल और सुलभ बनाने तथा सभी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करवाने, टेंपो, ई-रिक्शा चालक तथा घरेलू कामगारों समेत तमाम असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा और जीने लायक आय की गारंटी, एवं मजदूर विरोधी लेबर कोडों को रद्द करवाने सहित कई मांगों-मुद्दों को लेकर सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) के राष्ट्रीय आह्वान पर 1 से 3 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान से होने वाले संसद मार्च को सफल बनाने के लिए सीटू जिला कमेटी गौतमबुद्ध नगर द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत आज नोएडा व ग्रेटर नोएडा में कई स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं कर 1 से 3 दिसंबर 2026 को संसद मार्च कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई। फेस-2 नोएडा चौराहे पर हुई सभा को सीटू जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा व राम स्वारथ ने संबोधित करते हुए 01 दिसंबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे रामलीला मैदान, नई दिल्ली पहुंचने की अपील की।
श्रमिक नेता गंगेश्वर दत्त शर्मा ने बताया कि 1 से 3 दिसंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली व संसद मार्च के लिए सीटू ने गौतमबुद्ध नगर में व्यापक स्तर पर जन-जागरण अभियान चलाया है। दर्जनों नुक्कड़ सभाओं, नुक्कड़ नाटकों, गेट मीटिंगों के माध्यम से मजदूरों को जागरूक कर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। मजदूरों ने भी बड़ी संख्या में रैली में शामिल होने का आश्वासन मजदूर नेताओं को दिया है। इस तरह नोएडा-ग्रेटर नोएडा से हजारों-हजार लोग रामलीला मैदान पहुंचेंगे।







