सौरव गांगुली क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के मौजूदा अध्यक्ष हैं. उन्होंने ठाकुरपुर पुलिस ठाने में शिकायत दर्ज कर बताया कि ‘सौरव गांगुली फैंस’ के नाम से फेसबुक पर एक अनऑफिशियल पेज चलाया जा रहा है। इस पेज पर किए जा रहे पोस्ट उनकी छवि को ठेस पहुंचाने का काम कर रहे हैं. पूर्व भारतीय कप्तान ने आरोप लगाए कि तथाकथित अनऑफिशियल पेज के 36 लाख फॉलोअर्स हैं और उसपर भ्रामक पोस्ट शेयर किए जा रहे हैं, जो उन्हें बदनाम करने का काम कर रहे हैं।
गांगुली ने अपनी शिकायत में लिखा, “मैं समझता हूं कि जो लोग सार्वजनिक जीवन से जुड़े होते हैं, उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है. मगर ऐसे गुमराह करने वाले, मानहानिपूर्ण और भ्रामक जानकारी फैलाने वाले पोस्ट जो मेरी प्रतिष्ठा के लिए नुकसानदायक हों, वे कतई स्वीकार्य नहीं हैं। इसके लिए कानूनी कार्रवाई आवश्यक है। दिग्गज खिलाड़ी ने पुलिस से आग्रह किया कि इस अनऑफिशियल पेज को चलाने वाले लोगों के खिलाफ जल्द से जल्द एक्शन लिया जाए. उन्होंने यह भी मांग की कि सोशल मीडिया पर आगे ऐसे भ्रामक पोस्ट सामने ना आएं, उसके रोकने के लिए तुरंत एक्शन लिया जाना चाहिए। रिपोर्ट अनुसार एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने भी पुष्टि करके कहा कि गांगुली द्वारा दर्ज शिकायत पर जल्द कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि गांगुली 2000-2005 तक भारतीय टीम के कप्तान रहे और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं. गांगुली अभी क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के अध्यक्ष के रूप में दूसरे कार्यकाल में हैं।








