चरण सिंह
कुंडा में हो रही राजा भैया की राम कथा में नेताओं के जुटने की चर्चा तो हो ही रही है। साथ ही बाबा बागेश्वर द्वारा की जा रही इस कथा में राजा भैया मुख्यमंत्री और योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री के रूप में पोस्टर लहराए जा रहे हैं। इन पोस्टरों में अबकी बार मुख्यमंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ़ राजा भैया और प्रधानमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिखाया जा रहा है। देखने की बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर या तो प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के बाद यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ बोलते रहे हैं या फिर अब राजा भैया बोले हैं।
दरअसल राजा भैया ने इस कथा में पाकिस्तान के सिंध क्षेत्र के 500 शरणार्थी हिंदुओं को बुलाया है। उन्होंने इस कथा में ऐलान किया कि अब आप लोगों के गर्दिश के दिन खत्म होने जा रहे हैं। क्या राजा भैया इन लोगों को भारत की नागरिकता दिलाने जा रहे हैं। देखने की बात यह भी है कि हाल ही में प्रयागराज में उदयभान करवरिया ने केंद्र सरकार पर पर योगी आदित्यनाथ के खिलाफ षड्यंत्र रचने के का आरोप लगा दिया था। उन्होंने यूजीसी नियमों में बदलाव के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया था।
सवर्ण समाज के सड़कों पर उतरने पर सुप्रीम कोर्ट ने इस पर स्टे दे दिया था। अब राजा भैया ने भी यूजीसी नियमों में हुए बदलाव को लागु न होने देने का ऐलान किया है। राजा भैया की इस कथा में जिस प्रकार से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, अभय सिंह, राकेश प्रताप सिंह, धनंजय सिंह, बृजेश सिंह से लेकर संजीव बालियान तक जुटे हैं। उससे इस कथा को योगी आदित्यनाथ के पक्ष में राजा भैया का शक्ति प्रदर्शन देखा जा रहा है। बृजभूषण शरण सिंह ने भी राजा भैया कर उनके पिताजी के बारे में कहा कि राजा भैया और उनके पिता जी का दबदबा पहले भी था, अब भी और आगे भी रहेगा।
वैसे भी बाबा बागेश्वर भी कुछ दिनों से राजनीतिक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा है कि पहले ऋषि मुनियों के यज्ञ में राक्षस, दैत्य हड्डी डालते थे अब पोस्ट डाल रहे हैं।
दरअसल प्रतापगढ़ के कुंडा में रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) द्वारा आयोजित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राम कथा 17 से 20 नवंबर में कई राजनीतिक नेताओं और संतों के शामिल होने की खबरें आई हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार कार्यक्रम में योग गुरु बाबा रामदेव और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष स्वामी रविंद्र पुरी, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, सांसद निशिकांत दुबे और पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान कार्यक्रम में पहुंचे।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, विधायक अभय सिंह और विधायक राकेश प्रताप सिंह (गौरीगंज) कथा में शामिल हुए। एमएलसी व अन्य नेता: एमएलसी विनीत सिंह (मिर्जापुर), सुल्तानपुर के एमएलसी शैलेंद्र सिंह, शिक्षक एमएलसी उमेश द्विवेदी, पूर्व एमएलसी यशवंत सिंह (आजमगढ़), मनोज पांडे और बृजेश सिंह भी कार्यक्रम में नजर आए। एक मंच पर जुटे इन नेताओं की मौजूदगी को पूर्वांचल से पश्चिमी यूपी तक ठाकुर नेताओं की एकजुटता के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
योग गुरु बाबा रामदेव ने मंच से राजा भैया की तारीफ करते हुए सनातन एकता का संदेश दिया, वहीं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने राजा भैया को अपना साथी बताया। आज तक डिजिटल के वीडियो विश्लेषण के अनुसार, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कथाओं को लेकर आलोचनात्मक रुख अपनाते हुए विरोध जताया है। वैसे भी राजा भैया जनसत्ता दाल (लोकतांत्रिक) पार्टी बनाकर राजनीति कर रहे हैं।








