इन्द्री (सुनील शर्मा)
इंद्री के गाँव चौगामा स्थित हंसुमाजरा घाट पर यमुना माँ के मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमच ने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में नदियों के संरक्षण और पुनरुद्धार के लिए सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार नदियों, नहरों और पानी के स्रोतों के प्रति पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है ।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में राज्य के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री स्वयं समय-समय पर इन कार्यों की समीक्षा करते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि प्रदेश में पानी की कोई कमी न हो। यमुना नदी का जल पवित्र है तथा सभी नदियां माता के समान होती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की है, जिसमें उन्होंने धनौरा में एक एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) स्थापित करने की बात कही, जिससे साफ पानी यमुना में डाला जा सकेगा। उन्होंने विधिवत रूप से यमुना मैया की पूजा-अर्चना की तथा ग्रामीणों ने उन्हें यमुना का पवित्र जल भेंट किया। इस मौके पर ग्रामीण वासी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।








