मुजफ्फरपुर/गायघाट। मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-27 पर जारंग चौक से पूरब, दरभंगा से मुजफ्फरपुर जाने वाली लेन में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब राहगीरों की नजर राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे फेंके गए जमीन संबंधी सैकड़ों दस्तावेजों पर पड़ी।
लोगों ने बताया कि ये सभी कागजात मधुबनी जिले के लौकही प्रखंड के ग्रामीणों की जमीन सर्वेक्षण से जुड़े हैं। फेंके गए दस्तावेजों में खतियान, नक्शा, पंजी-II, रसीद आदि शामिल हैं, जिनमें हजारों लोगों की भूमि सम्बंधित जानकारी दर्ज है।
स्थानीय लोगों ने जब यह देखा तो सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को दी गई। आशंका जताई जा रही है कि दस्तावेजों को किसी वाहन से लाकर यहां फेंका गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और कागजात को कब्जे में लेकर सुरक्षित रखने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उठ रहे सवाल:
इतनी बड़ी संख्या में जमीन सर्वेक्षण से जुड़े अहम दस्तावेजों का इस तरह फेंका जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। लोगों का कहना है कि यदि ये कागजात किसी सरकारी दफ्तर या एजेंसी द्वारा तैयार किए गए थे, तो उन्हें इस तरह लावारिस हालत में कैसे छोड़ दिया गया?








