बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा है कि राज्य के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों की निगरानी सीधे पटना स्थित स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय से की जाएगी। अगर किसी डॉक्टर, नर्स या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद निशांत कुमार लगातार स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। हाल ही में पीएमसीएच के प्रिंसिपल को ड्यूटी से गायब रहने के आरोप में हटाकर उनका तबादला किया गया था। अब स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित निगरानी के लिए सीसीटीवी व्यवस्था लागू करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
डॉक्टर और नर्स की समय पर मौजूदगी पर रहेगी नजर
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में सबसे बड़ी समस्या डॉक्टर और नर्स का समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचना है। कई जगहों से ऐसी शिकायतें मिलती हैं कि डॉक्टर और नर्स समय पर नहीं आते. इसलिए अब सीसीटीवी कैमरों के जरिए रोजाना निगरानी की जाएगी और जो भी लापरवाही करेगा, उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि विभाग की टीमें लगातार अलग-अलग जगहों का दौरा भी कर रही हैं और आगे भी करती रहेंगी।
दवाओं की उपलब्धता पर भी रहेगा फोकस
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने अब 504 तरह की दवाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है. अभी तक 350 दवाएं उपलब्ध कराई जा रही थीं, जबकि अब 154 नई दवाएं और जोड़ी जाएंगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि दवाओं की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि दवाओं की अचानक जांच की जाए ताकि उनका कंपोजिशन सही मिले।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सभी अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि किसी दवा का स्टॉक खत्म होने वाला हो तो इसकी तुरंत सूचना दी जाए, ताकि समय रहते दवा उपलब्ध कराई जा सके।
हाईवे पर तैनात होंगी 100 एंबुलेंस
इसके साथ ही निशांत कुमार ने कहा कि सड़क हादसों में समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण कई लोगों की जान चली जाती है. इसे देखते हुए पूरे बिहार के नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर 100 एंबुलेंस तैनात करने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि दुर्घटना होने पर घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में जल्द ही 11 लेवल-3 ट्रॉमा सेंटर और 5 लेवल-2 ट्रॉमा सेंटर भी बनाए जाएंगे।






