उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर वोट खिसकने के रूप में देख रही है कांग्रेस
बीजेपी की सरकार बनने पर जनता की नाराजगी से 2029 चुनाव में मिल सकता है फायदा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर आज मंगलवार को दूसरे दिन बातचीत होनी है। इस बीच सूत्रों के मुताबिक सपा ने कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटें ऑफर की हैं। इनमें वे सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी या दूसरे नंबर पर रही थी। इसके अलावा 20 अन्य सीटें भी कांग्रेस के खाते में प्रस्तावित की गई हैं. हालांकि, कांग्रेस की मांग इससे काफी ज्यादा है। सपा के इस रवैये पर सहारनपुर सांसद इमरान मसूद ने कह दिया है कि वे कोई भीख नहीं मांग रहे हैं। कांग्रेस 143 सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति पर भी काम कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को जिन 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, उनमें दो सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 में जीत दर्ज की थी। इनमें रामपुर खास और फरेंदा विधानसभा सीट शामिल हैं। इसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी। इनमें मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर विधानसभा सीट शामिल हैं।
इन 20 सीटों पर भी कांग्रेस को प्रस्ताव
इन 6 सीटों के अलावा सपा ने कांग्रेस को 20 अन्य विधानसभा सीटें भी प्रस्तावित की हैं। इनमें बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं।
130 सीटों पर कांग्रेस से मांगा जीत का समीकरण
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने सीट बंटवारे को लेकर सपा को 130 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी थी। इनमें से 26 सीटों का प्रस्ताव देने के बाद सपा ने बाकी सीटों पर कांग्रेस से जीत का समीकरण और संभावित प्रत्याशियों की जानकारी मांगी है। समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस से यह भी पूछा है कि जिन सीटों की मांग की जा रही है, वहां पार्टी की जीत की कितनी संभावना है और कौन से उम्मीदवार चुनाव लड़ सकते हैं। यानी अब कांग्रेस को अपनी मांगी गई बाकी सीटों पर मजबूत दावेदारी के लिए जीत का आधार बताना होगा। दोनों दलों की ओर से सीटों के बंटवारे को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
तीन डिजिट से कम सीटों पर तैयार नहीं कांग्रेस
सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस भी अपनी मांग पर अड़ी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस का मानना है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में लगातार मेहनत की है। पार्टी ने कई प्रदर्शनों में हिस्सा लिया है, जिसका असर लोकसभा चुनाव में भी दिखाई दिया और कांग्रेस की सीटों में बढ़ोतरी हुई।
कांग्रेस इसी प्रदर्शन को आधार बनाकर विधानसभा चुनाव में ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। पार्टी का कहना है कि तीन डिजिट से कम सीटों पर बात नहीं बन सकती. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आज होने वाली बैठक में भी 100 से कम सीटों पर सहमत नहीं होगी।
145 सीटों की मांग पर कांग्रेस लचीली
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस 145 सीटों की मांग को लेकर भी कुछ लचीलापन दिखाने को तैयार है। पार्टी का कहना है कि वह 145 सीटों से बातचीत शुरू करना चाहती है, लेकिन सीटों की संख्या में ऊपर-नीचे होने की गुंजाइश है। हालांकि, कांग्रेस सम्मानजनक सीट बंटवारे पर जोर दे रही है। पार्टी का मानना है कि उसे 50 से कम सीटें मिलने पर गठबंधन में बात बनना मुश्किल होगा. ऐसे में सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर होने वाली बातचीत काफी अहम मानी जा रही है।







