महाराष्ट्र में बीजेपी और उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (UBT) को झटका लगा है। ठाणे जिले के कल्याण-डोंबिवली क्षेत्र के सात पूर्व पार्षद, दोनों दलों के करीब 80 पदाधिकारी और उनके सैकड़ों समर्थक एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए. वे बुधवार को कल्याण से सांसद श्रीकांत शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हुए।
बीजेपी के दो पूर्व पार्षद दंपति श्रीकर चौधरी और उनकी पत्नी प्रमिला चौधरी तथा शैलेश धात्रक और उनकी पत्नी मनीषा धात्रक अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ एकनाथ शिंदे गुट वाली शिवसेना में शामिल हो गए। ये दोनों दंपति लंबे समय तक महानगरपालिका के दो-दो वार्ड का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं और उनके पार्टी छोड़ने को बीजेपी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
शिवसेना राज्य में पूरी ऊर्जा के साथ काम कर रही- श्रीकांत शिंदे
श्रीकांत शिंदे ने एक्स पोस्ट में कहा, ”राज्य के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना अध्यक्ष एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना पूरे राज्य में पूरी ऊर्जा के साथ काम कर रही है। इसी पृष्ठभूमि में, राज्य के विभिन्न दलों के नेता, निर्वाचित प्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शिवसेना में शामिल हो रहे हैं।
KDMC की रिटायर असिस्टेंट कमिश्नर हेमा मुंबरकर शिवसेना में शामिल
शिवसेना की ओर से गुरुवार (04 जून) को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (केडीएमसी) की सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त हेमा मुंबरकर, उनके परिवार के सदस्य और समर्थक भी पार्टी में शामिल हो गए. शिवसेना के सीनियर नेताओं का मानना है कि इससे पार्टी को फायदा पहुंचेगा।
मुंबरकर के प्रशासनिक अनुभव का पार्टी को लाभ मिलेगा- श्रीकांत शिंदे
इस अवसर पर श्रीकांत शिंदे ने कहा, ‘‘मुंबरकर के 38 वर्षों के प्रशासनिक अनुभव का पार्टी को लाभ मिलेगा.’’ इसके अलावा, युवा सेना के नेता योगेंद्र भोईर, ट्विंकल भोईर तथा डोंबिवली, कल्याण और अंबरनाथ क्षेत्रों में ठाकरे गुट के लगभग 200 स्थानीय पदाधिकारियों ने भी पाला बदलते हुए एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थाम लिया।






