नीट परीक्षा पेपर लीक कांड ने एक और होनहार छात्रा की जान ले ली. मध्य प्रदेश के मऊगंज निवासी छात्रा ने नागपुर में आत्महत्या कर ली। आकांक्षा चतुर्वेदी नागपुर में नीट की तैयारी कर रही थी। आकांक्षा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतका ने सुसाइड नोट में लिखा कि दोबारा परीक्षा देने की हिम्मत नहीं बची है। आकांक्षा चतुर्वेदी मूल रूप से मऊगंज जिले के मगनिया गांव की रहने वाली थी। पिता कृष्ण कुमार चौबे किसान हैं। बेटी को डॉक्टर बनाने का सपना देखते हुए उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड से लाखों रुपये का कर्ज लिया था। आकांक्षा नागपुर में ‘फिजिक्स वाला’ कोचिंग में तैयारी कर रही थी. परिजनों के अनुसार, नीट परीक्षा अच्छी हुई थी, लेकिन पेपर लीक की खबर सामने आते ही वह गहरे डिप्रेशन में चली गई. खाना-पीना छोड़ दिया और आखिरकार 31 मई की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में आकांक्षा ने माता-पिता से माफी मांगी और लिखा, “मम्मी-पापा, आपको भरोसा था कि मैं डॉक्टर बनूंगी, लेकिन दोबारा पेपर देने की हिम्मत नहीं है.”
घटना के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने आकांक्षा के परिवार से फोन पर बात कर ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। युवा कांग्रेस और NSUI के नेता आकांक्षा के घर पहुंचे। NSUI ने परिवार को ढाई लाख रुपये की तत्काल मदद दी और पिता के 3 लाख रुपये के KCC कर्ज को चुकाने का वादा किया है।
युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने कहा – मैं समझता हूं कि यह सरकार की सबसे बड़ी असफलता है। पूरा परिवार जीवन भर की पूंजी लगाकर बच्चे को डॉक्टर बनाने की कोशिश करता है लेकिन सरकार असंवेदनशील है. युवक कांग्रेस पुरजोर तरीके से सरकार को घेरने का काम कर रही है।
‘बेबस बेटी का आखिरी खत भी नहीं खोल सका BJP की आंखें’
माजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मऊगंज में आकांक्षा की आत्महत्या मामले में दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “जब भाजपा के राज में विकसित भारत के झूठ का इतिहास लिखा जाएगा, तब क्या एक बेबस बेटी का ये ‘आखिरी खत’ भी लगाया जाएगा. भाजपा समर्थकों से सीधी अपील: क्या ये पत्र भी आपकी आंखें नहीं खोल सकता है? ”






