भोपाल में मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत एक मिस्ट्री बनी हुई है। इस बीच उनके परिजनों ने केस को दिल्ली ट्रांसफर करने की मांग की है। अब इस पर पूर्व आईपीएस अफसर किरण बेदी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि केस का ट्रांसफर अनुचित विकल्प नहीं है क्योंकि (पूर्व जज) परिवार प्रभावशाली है. ऐसे में किसी न्यूट्रल जगह पर जाना सबसे बेहतर है। उन्होंने कहा, ”केस का ट्रांसफर दिल्ली या कहीं और दूसरी जगह किया जा सकता है, इससे फर्क नहीं पड़ता है लेकिन मुझे ऐसा लगता है कि इस तरह के मामले का किसी तटस्थ जगह पर ले जाने से मदद मिलेगी।
ट्विशा शर्मा की मौत की अभी तक नहीं सुलझी गुत्थी
भोपाल में मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत को आज आठ दिन होने को आए हैं, लेकिन अभी तक उसकी मौत की गुत्थी सुलझी नहीं है। इस बीच ट्विशा की मौत के राज को दो सीसीटीवी वीडियो और एक चैट ने और गहरा कर दिया है। इस वीडियो में ट्विशा को घटना से कुछ समय पहले घर की सीढ़ियां चढ़कर छत की तरफ जाते देखा जा सकता है। इसके कुछ देर बाद पति समर्थ सिंह और दो अन्य लोग उन्हें सीढ़ियों से नीचे लाते दिखाई दे रहे हैं।
12 मई को संदिग्ध हालत में फंदे से लटकी मिली थी ट्विशा
ट्विशा 12 मई की रात भोपाल में अपने ससुराल में संदिग्ध हालात में मृत मिली थीं। फंदे से लटकी हुई पाई गई थी. इस बीच ट्विशा और उसकी बहन के बीच चैट भी सामने आई हैं। कुल मिलाकर ट्विशा शर्मा की मौत का राज गहराता जा रहा है। ट्विशा की मौत खुदकुशी है या मर्डर, अब तक ये साफ नहीं हुआ। पुलिस जांच अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है. दोनों परिवारों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह का क्या आरोप?
मृतक ट्विशा की सास गिरीबाला सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा, ”ट्विशा डुएल पर्सनैलिटी की मानसिक बीमारी से पीड़ित थी। एंजायटी की दवाइयां लेती थी और ड्रग्स भी लेती थी.” गिरीबाला सिंह ने ये भी आरोप लगाया कि दहेज को लेकर बेबुनियाद बातें कही जा रही हैं. उनके परिवार ने ट्विशा की काफी मदद की।
दूसरी तरफ ट्विशा के पिता ने कहा कि अपने रसूख की बदौलत समर्थ का परिवार बेखौफ होकर बाहर घूम रहा है. वहीं ट्विशा की बहन नैना ने कहा कि उनकी बहन ने अपने परिवार को लेकर कई ख्वाब देखे थे।






