दिल्ली के इंदरपुरी इलाके में दिनदहाड़े हुई 70 लाख रुपये की बड़ी लूट की वारदात को पुलिस ने कुछ ही दिनों में सुलझा लिया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और करीब 53 लाख 40 हजार रुपये की रकम बरामद की गई है, वहीं इस पूरे मामले की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दरअसल, यह घटना 31 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे की है. शिकायतकर्ता के दो कर्मचारी 70 लाख रुपये नकद लेकर जा रहे थे, तभी कृषि कुंज के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोककर लूट लिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी ।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस लूट में अंदर की जानकारी का इस्तेमाल किया गया था. कर्मचारी विकास ने अपने साथियों मोहम्मद कैफ, ऋषि यादव और सौरभ उर्फ बच्चा के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी. इसी जानकारी के आधार पर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया.
दिल्ली पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सबूत
दिल्ली पुलिस की टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों की पहचान की. इसके बाद मुखबिरों की मदद और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के विश्लेषण से सभी आरोपियों तक पहुंच बनाई गई. लगातार दबिश के बाद चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया.पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 53 लाख से ज्यादा की नकदी और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली है. कुछ आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।








