आरजेडी के परिवारवाद आरोप पर जदयू का पलटवार
बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है। इसको लेकर आरजेडी हमलावर है। नीतीश कुमार पर परिवारवाद का आरोप लगाया जा रहा है। आरजेडी की ओर से उठाए जा रहे सवाल पर जेडीयू की पहली प्रतिक्रिया आई है।
शुक्रवार (08 मई, 2026) को जेडीयू के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय कुमार झा ने इस पर कहा, ” देखिए आरजेडी से आप क्या अपेक्षा करते हैं? जिसका पूरा परिवार राजनीति में हो… ये (निशांत कुमार) तो सच्चे मन से आए हैं… काम करने के लिए.”
संजय झा ने कहा, “मैं और अगर विस्तार में बोलूं तो नीतीश कुमार जी जब बिहार की राजनीति से मुख्यमंत्री का पद छोड़कर गए… 21 साल से सीएम थे… तो वो बेटे को ला सकते थे… कोई रोक तो नहीं थी, जब खुद छोड़कर गए तो पार्टी को लगा कि उनकी (निशांत) आवश्यकता है… तो पार्टी में लोगों ने कहा तो आए. हमको नहीं लगता है कि बिहार के लोग निशांत को पहले जानते भी थे…”
निशांत कुमार नई सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बने हैं, इस पर संजय झा ने कहा, “पढ़े-लिखे हैं, बेहतर काम होगा. उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य के क्षेत्र में और अच्छा काम होगा.”
‘महिला, यूथ और अनुभव के आधार पर हुआ कैबिनेट बंटवारा’
बता दें कि बीते गुरुवार को आरजेडी के एक्स हैंडल से निशांत और नीतीश कुमार का नाम लिए बिना लिखा गया था, “परिवारवाद पर आजीवन लेक्चर देने वाले कुर्सी कुमार के सामाजिक जीवन में संघर्ष का लंबा इतिहास रखने वाले सुयोग्य सुपुत्र को मंत्री पद की शुभकामनाएं!” इसी तरह और भी बयानबाजी हो रही है।








