द न्यूज 15
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में फिर से मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ ताबड़तोड़ बैटिंग करने में लग गये हैं। उन्होंने जहां तीन महीने के लिए फ्री राशन योजना को बढ़ाया है, किसानों के गेहूं की खरीद एमएसपी से किसी भी हालत में कम न होने के निर्देश जिलों के जिलाधिकारियों को दिये है। अब उत्तर प्रदेश में एक ऐसा मेगा टेक्सटाइल पार्क बनाने की तैयारी योगी सरकार कर रही है जिसमें एक लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। इस टेक्सटाइल पार्क के लिए 1000 एकड़ जमीन चिह्नित कर ली गई है। उत्तर प्रदेश में यह टेक्सटाइल पार्क दूसरे राज्यों के लिए भी एक सकारात्मक संदेश देगा।
दरअसल योगी सरकार उत्तर प्रदेश में मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल पार्क बनाने जा रही है। यह माना जाता है कि यह पार्क निवेशकों, कारीगरों, बुनकरों व हस्तशिल्पियों के लिए बड़ी सौगात लेकर आएगा। इस टेक्सटाइल पार्क के माध्यम से उत्तर प्रदेश की सरकार की करीब एक लाख लोगों को रोजगार देने की योजना है। 1000 एकड़ जमीन पर बनेगा पार्क : जानकारी के अनुसार इस पार्क को करीब 1000 एकड़ जमीन पर बनाने की योजना है। लखनऊ- हरदोई के बीच लगने वाला यह प्रोजेक्ट वस्त्रोद्योग लगाया जा रहा है। सरकार की यह योजना है कि इससे जुड़े सभी काम व सुविधाएं एक ही स्थान पर मुहैया कराये जाएंगे। योगी सरकार के इससे संबंधित प्रस्ताव को केंद्र सरकार के पास भेजने की खबर सामने आ रही है। दरअसल पीएम मित्र योजना के तहत देश भर में इस तरह के सात मेगा पार्क बनाये जाने हैं। गत दिनों ही मोदी सरकार ने इस योजना का ऐलान किया है। यह माना जा रहा है कि इस योजना के माध्यम से मोदी सरकार इस पार्क को विकसित करने को प्रदेश सरकार को आर्थिक सहयोग करेगी। इस योजना के तहत एक ही स्थान पर कताई, बुनाई, रंगाई और छपाई से लेकर परिधान निर्माण करने की योजना पर काम चल रहा है। यहीं से उसके विपणन, बाजार की व्यवस्था की जा रही है। यह माना जा रहा है कि सारी सुविधाएं एक स्थान पर होने से लाजिस्टिक का खर्च बचाया जाएगा। इस योजना में निर्यात की सुविधाएं देने की भी व्यवस्था है।
हालांकि उत्तर प्रदेश में पहले से ही टेक्सटाइल उद्योगों के जरिए लाखों लोगों को रोजगार मिला हुआ है पर सभी काम के अलग-अलग होने की व्यवस्था है। अब इस पार्क के जरिए उत्तर प्रदेश में वस्त्रोद्योग के पुरे बुनियादी ढांचे को आधुनिकतम तकनीक के साथ उपलब्ध कराये जाने की व्यवस्था की जा रही है। उत्तर प्रदेश में कानपुर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ को टेक्सटाइल उद्योग के हब के रूप में विकसित किया जा चुका है।
उत्तर प्रदेश में पहले से ही सात मंडल मुख्यालयों में टेक्टसाइल पार्क बनाने की तैयारी की जा रही है। इस योजना के तहत इसमें कपड़ा उद्योग से जुड़े निवेशक अपना प्रोजेक्ट लगा सकेंगे। उत्तर प्रदेश सरकार इन निवेशकों के लिए कई तरह की रियायतें व सहूलियतें मसलन स्टांप ड्यूटी, विद्युत कर, आसान कर्ज आदि देगी। यह पार्क मेरठ, आगरा, झांसी के आलावा गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ व कानपुर में बनाये जाने हैं। अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल के अनुसार पीएम मित्र योजना के तहत लखनऊ- हरदोई के बीच 1000 एकड़ जमीन चिन्हित कर ली गई है।






