दिल्ली विधानसभा में कार क्रैश होने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। कार सवार सरबजीत पर दिल्ली पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। इसके बाद पूछताछ में सरबजीत ने कई खुलासे किए। दिल्ली पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सरबजीत पुलिस का ध्यान अपनी ओर खींचना चाहता था और इसके लिए उसने विधानसभा में अपनी गाड़ी घुसा दी। दरअसल, सरबजीत ने दावा किया है कि उसका भांजा बीते एक हफ्ते से लापता है।
1 अप्रैल से उसके भांजे की कोई खबर नहीं मिल रही है। इस मामले में उसने हरी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस का ध्यान उसके केस पर नहीं है। ऐसे में उसने विधानसभा में गाड़ी घुसाने का प्लान किया। सरबजीत ने पुलिस को बताया कि उसका मानना था दिल्ली विधानसभा में कोई बड़ा अधिकारी होगा जो उसके केस को सुनेगा।
सरबजीत के पास से कोई हथियार बरामद नहीं
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया है कि सरबजीत हट्टा-कट्टा शख्स है, पैसे से मजबूत है और इसी फरवरी में उसने नई टाटा सियारा गाड़ी खरीदी थी। पुलिस को उसके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ। न ही उसकी गाड़ी में हथियार था, लेकिन ये अपनी गाड़ी को ही हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहा था। गाड़ी किसी के ऊपर भी चढ़ सकती थी।
रास्ता बताने के लिए ऑटो वालों को कार में बैठाया था
पुलिस सूत्रों की मानें तो ये अकेला विधानसभा के अंदर गया था, उसके साथ कोई और नहीं था। उसके दिल्ली के रास्ते नहीं पता थे, इसलिए दो टैक्सी वालों को 2000 रुपये देकर गाड़ी में रास्ते बताने के लिए बैठा लिया था। उसने दोनों लोगों से पूछा था कि वह पार्लियामेंट जाना चाहता है।
कार में बैठे दोनों ऑटो वालों का कोई रोल इस केस में सामने नहीं आया है। हालांकि, एहतियात के तौर पर अभी भी इन दो लोगों से पूछताछ की जा रही है। सरबजीत का मेडिकल कराया गया है और फिर उसे तीस हजारी कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पत्नी का दावा- सरबजीत का चल रहा इलाज
वहीं, सरबजीत की पत्नी ने शाहजहांपुर का एक मेडिकल पर्चा भी दिया है, जिसके जरिए यह दावा किया गया है कि उसका इलाज किया जा रहा है। दिल्ली पुलिस इसको वेरिफाई कर रही है. साथ ही, उसके कॉल रिकॉर्ड भी निकाले जा रहे हैं ताकि स्थिति साफ हो सके।
सरबजीत का व्यवहार हिंसक होने का दावा
पुलिस के सूत्रों ने यह भी बताया है कि सरबजीत का व्यवहार बहुत ही वायलेंट है। रातभर वह लॉकअप की ग्रिल पकड़कर हिलाता रहा, चिल्लाता रहा और शोर मचाता रहा. इतना ही नहीं, वह उल्टी-सीधी बातें भी कर रहा है जैसे कि मेरे पास महाराजा की तलवार है। फिलहाल, उससे पूछताछ जारी है।








