कॉकरोच जनता पार्टी 10 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए यूपी पुलिस अलर्ट मोड पर है। प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदेश के कई जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल दिल्ली भेजा जा रहा है। बरेली, फिरोजाबाद और अलीगढ़ समेत कई जिलों से महिला आरक्षियों सहित पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
फिरोजाबाद से 25 महिला आरक्षी और एक पुरुष पुलिस निरीक्षक को भेजने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि बरेली से भी पुलिस बल की तैनाती की गई है। अलीगढ़ समेत अन्य जिलों से भी अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को दिल्ली रवाना किया जा रहा है. सभी नामित पुलिसकर्मियों को 9 अक्टूबर 2026 दोपहर 12 बजे तक दिल्ली के नबी करीम थाना, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में आमद दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके लिए संबंधित जिलों से पुलिसकर्मियों की रवानगी सुबह ही कर दी गई। पुलिस बल को वर्दी के साथ फोटो पहचान पत्र, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, डंडा और पीवीसी शील्ड जैसे दंगा नियंत्रण उपकरण लेकर जाने को कहा गया है. प्रशासन का उद्देश्य प्रदर्शन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।





