उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए में रार जारी है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी और निषाद पार्टी के बीच अतरौलिया और चौरीचौरा पर जारी रार के बीच योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा बयान दिया है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने एक निजी चैनल से बात करते हुए निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद की बुंदेलखंड में तीन सीटों की मांग और अतरौलिया विधानसभा सीट पर दावेदारी को लेकर प्रतिक्रिया दी है।
‘मेरी पार्टी के पास हर क्षेत्र के वोट का डेटा…’
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के पास हर क्षेत्र के वोटों का पूरा डेटा है और पिछले तीन वर्षों से थाना, ब्लॉक और तहसील स्तर पर लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जो नेता पांच साल तक क्षेत्र में सक्रिय नहीं रहता, वह चुनाव के समय आकर कैसे जीत सकता है?
अतरौलिया सीट पर चुनाव लड़ने को लेकर उन्होंने कहा कि इसमें कोई दिक्कत नहीं है, वहीं, संजय निषाद की तीन सीटों की मांग पर तंज कसते हुए राजभर ने कहा कि वह दस सीटें भी मांग सकते हैं. विधानसभा की 403 सीटें हैं और सहयोगी दल जितनी सीटें मांगना चाहें, मांग सकते हैं, लेकिन अंतिम फैसला दिल्ली में बैठे नेतृत्व को करना है।
बीजेपी और उसके सहयोगी दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर राजभर ने कहा कि गठबंधन में कहीं कोई खटपट नहीं है। सीटों का बंटवारा दिल्ली में होता है और इसके लिए उत्तर प्रदेश से कुछ नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि, अभी तक सहयोगी दलों के बीच औपचारिक बातचीत शुरू नहीं हुई है और न ही इस संबंध में कोई लिखित सूचना मिली है. उन्होंने दोहराया कि सहयोगियों के बीच कोई लड़ाई नहीं है।







