करनाल, (विसु)। पहलगाम के आतंकी हमले में मारे गए लेफ्टिनेंट विनय नरवाल को उसके जन्म दिन पर श्रद्धांजलि देने के लिए लगाए गए रक्त दान शिविर में भागीदारी को लेकर आज नागरिकों में एक विशेष जनून नजर आया। एक और जहाँ हर आंख नम थी वहीं हर कोई रक्त दान कर अपने बेटे, अपने भाई और देशभक्त विनय नरवाल को नमन करना चाह रहा था। रक्त दान शिविर विनय नरवाल के शहर करनाल में लगाया गया, लेकिन रक्त दान करने के लिए कोई हिसार से, कोई बैंगलोर से, कोई दिल्ली, कुरुक्षेत्र या पानीपत से आया तो लुधियाना तक से रक्त दाता पहुंचे। शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के परिवार की अपील पर पहुंचे कुल 218 लोगों ने रक्त दान किया और 100 के करीब लोग रक्त दान शिविर का समय ख़त्म होने के चलते बिना रक्त दिए वापिस चले गए।
रक्त दान शिविर में विशेष रूप से विनय नरवाल के पिता राजेश नरवाल, माँ आशा नरवाल, पत्नी हिमांशी, बहन सृष्टि, मामा पवन दहिया, सहित उसके ससुर, बुआ, मामा व अन्य रिश्तेदार शामिल हुए और उनके बहुत से रिश्तेदारों ने अपने शहीद बेटे की याद में स्वय भी रक्त दान किया। पूरा परिवार बहुत भावुक था व मंच पर बैठे हुए अपने बेटे को याद कर उनके आंसू लगातार बह रहे थे। उनके पिता राजेश नरवाल ने अपने बेटे को याद करते हुए अपने मन के उद्गार व्यक्त किए। करनाल विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि हिमांशी सें बात करने के बाद उन्हें ऐसा लगा कि जैसे उनकी अपनी बेटी ने अपना पति खोया हो। उन्होंने आतंकवाद को खत्म करने की लेंडर सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया और कहा कि पूरा देश इस मुद्दे पर एक है। करनाल मेयर रेणु बाला गुप्ता ने भी शहीद विनय नरवाल के प्रति अपने मन के उद्गार व्यक्त किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। ब्रह्माकुमारी संस्थान से बहन बी के प्रेम ने भी श्रद्धांजलि दी और प्रभु नाम का सिमरन करवाया। नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त धीरज कुमार ने भी विनय नरवाल ले चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
उल्लेखनीय है कि एक मई 1998 को जन्मे लेफ्टिनेंट विनय नरवाल को श्रद्धांजलि देने के लिए आज उसके जन्म दिन पर सामाजिक संस्था नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ़ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स (निफा) के संयोजन में जिला के नागरिकों व सामाजिक संस्थाओं द्वारा मिलकर विशाल रक्त दान शिविर लगाया गया। सेक्टर आठ के महाराजा अग्रसेन भवन में सुबह 9:30 से दोपहर बाद 2 बजे तक आयोजित इस विशाल रक्त दान शिविर में हरियाणा रोडवेज ड्राइविंग स्कूल, वैश्य भवन चैरिटेबल ट्रस्ट, अग्रवाल सभा सेक्टर सात, जेसीस गोल्ड, जेसीस अजाइल, मानवता जन शक्ति फाउंडेशन, इनर व्हील क्लब, रेड रिबन युवा क्लब, बसंत विहार वेलफेयर एसोसिएशन व अन्य संस्थाओं का सहयोग रहा। इन संस्थाओं के प्रतिनिधियों की और से शहीद विनय नरवाल के परिजनों को शाल ओढ़ाकर देश सेवा के लिए उनके पुत्र की महानता को नमन भी किया गया।
शिविर संयोजक निफा अध्यक्ष प्रीतपाल सिंह पन्नू ने कहा कि देश ने एक होनहार बेटा खोया है जो अगर जीवित रहता तो शायद नेवी के प्रमुख के रूप में देश को सेवा करता। उन्होंने घोषणा की कि निफा अन्य संस्थाओं के साथ मिलकर हर वर्ष शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के जन्म दिन पर रक्त दान शिविर लगाएगी और अगले वर्ष उनके नाम से अवार्ड भी शुरू करेगी। शहर के विभिन्न प्रबुद्ध लोग आज इस रक्त दान शिविर में शामिल हुए और लेफ्टिनेंट विनय नरवाल के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इनके प्रमुख रूप से हरीश अग्रवाल, एडवोकेट नरेश बराना, राजीव गोंदर, राकेश नागपाल, रमेश मिड्डा, पी के जैन, सार्थक मित्तल, प्रमोद बंसल, ओ पी सचदेवा, श्रवण शर्मा, जसविंदर सिंह बेदी, भूपिंदर सिंह, परमजीत सिंह आहुजा, राजीव नटराज, छपनू नरवाल, हितेश गुप्ता, डॉ भारती भारद्वाज, मुकुल गुप्ता, मनिंदर सिंह, जोगिंदर रांवर, सतीश पंचाल शामिल रहे।








