गोविंद सिंह बने कॉलेज कोऑर्डिनेटर
बहेड़ी। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) की शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रस्तावित “30 जुलाई एलएनएमयू चलो” आंदोलन के समर्थन में बुधवार को बीएमए कॉलेज, बहेड़ी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कॉलेज अध्यक्ष मिथिलेश यादव और छात्र नेता अंकित सिंह ने की।
बैठक में आंदोलन की रणनीति और रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। छात्रों में अभियान को लेकर जबरदस्त उत्साह और एकजुटता दिखाई दी। मौके पर गोविंद सिंह को कॉलेज कोऑर्डिनेटर के रूप में नियुक्त किया गया, जो आंदोलन के कॉलेज स्तर के समन्वयक की भूमिका निभाएंगे।
बैठक में दर्जनों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और “30 जुलाई को विश्वविद्यालय चलने” का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर मौजूद स्थानीय जननेता अभिषेक बस्कटिया ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “चार साल में पूरी होने वाली डिग्री छह वर्षों तक खींची जा रही है। कॉलेज से विश्वविद्यालय तक दलाली का बोलबाला है, जिससे छात्र हताश हैं। यह आंदोलन छात्रों की आवाज को प्रशासन तक पहुंचाएगा।”
उन्होंने एलएनएमयू प्रशासन को चेताया कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो छात्र सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
माहौल में जोश और बदलाव की मांग साफ दिखी, आंदोलन को लेकर छात्रों का जोश चरम पर है।








