मुजफ्फरपुर। कांटी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-27 स्थित नरसंडा ओवरब्रिज पुल पर गुरुवार को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने अधिवक्ता मनीष कुमार उर्फ विनोद ठाकुर की मोटरसाइकिल में भीषण टक्कर मार दी। अधिवक्ता कांटी से सिविल कोर्ट, मुजफ्फरपुर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद अधिवक्ता सड़क पर गिर पड़े, जबकि उनकी मोटरसाइकिल पिकअप में फंसकर काफी दूर तक घसीटती चली गई। स्थानीय लोगों द्वारा पीछा किए जाने पर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना में घायल अधिवक्ता श्री ठाकुर को तत्काल कांटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक इलाज किया गया।
सूचना मिलने पर कांटी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया।
कांटी थानेदार रामनाथ प्रसाद ने बताया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।








