लखीमपुर खीरी में एक छात्र की आत्महत्या का मामला सामने आया है। परिजनों के मुताबिक छात्र ऋतिक नीट की परीक्षा रद्द होने से काफी परेशान था, वहीं ऋतिक की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। छात्र के चाचा ने बताया कि काफी तैयारी करने के बाद ऋतिक ने नीट की परीक्षा दी थी और पेपर लीक होने के बाद परीक्षा कैंसिल हो गई, इससे ऋतिक परेशान था. हालांकि पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
नीट एग्जाम रद्द होने से था परेशान
जानकारी के मुताबिक सदर कोतवाली इलाके के गंगोत्री नगर मोहल्ले का रहने वाला छात्र ऋतिक मिश्रा ने कमरे में फंदे से लटकर कर आत्महत्या कर ली। मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने बताया कि जब से नीट परीक्षा रद्द होने की खबरें आईं थी तभी से ऋतिक काफी परेशान नजर आ रहा था और गुरुवार को उसने कमरे में फंदे पर लटककर मौत को गले लगा लिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने छात्र का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।








