संघ प्रमुख मोहन भागवत
लखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत रविवार को तीन दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे। हालांकि, वह संघ के पूर्वी क्षेत्र के प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने के लिए आए हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले इस दौरे को राजनीतिक तौर पर भी अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, संघ प्रमुख प्रशिक्षण वर्ग में बौद्धिक निर्देशन के साथ ही संघ के शताब्दी वर्ष और विभिन्न अभियानों की समीक्षा करेंगे। इस दौरान संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ ही भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों, सरकार के प्रतिनिधियों और संघ के प्रशिक्षण वर्ग में रहेंगे। शाखा विस्तार के साथ ही शताब्दी वर्ष के अभियानों की भी समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी संघ प्रमुख की मुलाकात हो सकती है। सरकार के कामकाज और विधानसभा चुनाव तैयारियों का भी वह जायजा लेंगे।
संघ की अहम बैठकें लेंगे
शाखा विस्तार पर चर्चा मोहन भागवत रविवार को निराला नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचे। वह अगले तीन दिन यहीं रहेंगे। यहां पर अवध, गोरक्ष, काशी और कानपुर प्रांत के स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण वर्ग चल रहा है। इस दौरान वह संघ की कई अहम बैठकें लेंगे। संघ के पूर्वी क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठकों में वह शताब्दी वर्ष के तहत चल रहे गृह संपर्क अभियान, हिंदू सम्मेलनों सहित विभिन्न अभियानों के अलावा शाखा विस्तार पर चर्चा करेंगे। इनमें वह आगे चलने वाले अभियानों और कार्यक्रमों के संबंध में भी निर्देश देंगे।
भाजपा संगठन-सरकार समन्वय
वह संघ के प्रचारकों और प्रमुख पदाधिकारियों से प्रदेश की समाजिक और राजनीतिक स्थितियों के संबंध में भी फीडबैक लेंगे। सूत्रों के अनुसार खासतौर से राजनीतिक तौर पर होने वाली जातिगत गेलबंदी की वजह से विभिन्न चुनौतियों से निपटने और समाज को एकजुट करने के बारे में मंथन करेंगे। भाजपा संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों से मुलाकात में संगठन और सरकार के बीच समन्वय के मुद्दों पर भी बात होगी। भाजपा संगठन के विस्तार जैसे मुद्दों की भी वह जानकारी लेंगे।
2027 की तैयारियों का फीडबैक
अगले साल ही विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में वह प्रदेश के राजनीतिक हालात की भी जानकारी लेंगे। इस बीच मुख्यमंत्री, दोनों डिप्टी सीएम और प्रदेश सरकार के कुछ मंत्री भी उनसे मुलाकात कर सकते हैं। उनसे सरकार के कामकाज, हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार का फीडबैक लेंगे। साथ ही अगले साल विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी बात होने की संभावना है।








