केसी त्यागी को जयंत चौधरी की पार्टी राष्ट्रीय लोक दल (RLD) में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें आरएलडी संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया है। राष्ट्रीय लोक दल की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में संसदीय दल के गठन का प्रस्ताव पारित किया गया था। उसी के अनुरूप मंगलवार राष्ट्रीय लोक दल के संसदीय दल का गठन किया गया है। राष्ट्रीय लोकदल की ओर से बाकायदा इस संबंध में एक प्रेस रिलीज जारी की गई है। इसमें आरएलडी के संसदीय दल के गठन का जिक्र है। साथ ही संसदीय दल के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी केसी त्यागी को देने की बात कही गई है।
RLD के संसदीय दल में कितने सदस्य?
आरएलडी के संसदीय दल में 15 सदस्य शामिल हैं, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी, मेजर जनरल बिशम्बर दयाल का नाम भी शामिल है। इसके अलावा पूर्व सांसद तारीफ सिंह, पूर्व सांसद मुंशी राम, यूपी के पूर्व मंत्री अशोक यादव, पूर्व सांसद मलूक नागर, सांसद राजकुमार सांगवान, विधायक राजपाल बलियान, राजस्थान के पूर्व विधायक अब्दुर सगीर खान, विधान परिषद मेंबर योगेश चौधरी, राजस्थान के पार्टी विधायक सुभाष गर्ग, यशपाल बघेल, अनिल दुबे, रमा नागर और बबीता तोमर का नाम शामिल है।
RLD के संसदीय दल में विशेष आमंत्रित सदस्य
RLD के संसदीय दल में विशेष आमंत्रित सदस्यों को शामिल किया गया है। इसमें चार नेताओं के नाम हैं. जिसमें किसान नेता युद्धवीर सिंह, विजय पूनिया, सुखबीर गठीना और चंद्रबली यादव का नाम शामिल है। बता दें कि यूपी में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं. ऐसे में सभी पार्टियां तैयारियों में जुट गई हैं।
मार्च में RLD में शामिल हुए थे केसी त्यागी
गौरतलब है कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता रहे केसी त्यागी ने पार्टी से नाता तोड़ दिया था. त्यागी ने उत्तर प्रदेश में सक्रिय राजनीति में जाने की बात कही थी, जिसके बाद उन्होंने 22 मार्च 2026 को जयंत चौधरी की पार्टी राष्ट्रीय लोकदल (RLD) का दामन थामा था।







