प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में भारत की जनता से सोने की खरीदारी और तेल का इस्तेमाल कम करने की अपील की है। इसपर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता और लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लंबा-चौड़ा पोस्ट कर तंज कसा है।
रोहिणी आचार्य ने लिखा, “प्रधानमंत्री की तमाम नसीहतें, इनके तमाम उपदेश देश के लिए हैं। खुद का कहा, खुद की नसीहत, खुद मोदी जी और उनकी पार्टी और सरकार के लोगों पर लागू नहीं होती. बेहतर होता कि प्रधानमंत्री उपदेश और नसीहत देते वक्त ‘कंडीशन्स अप्लाई’ वाली बात भी कह दिया करते या फिर कटौती की शुरुआत अपनी साइड से करते।
‘चुनाव पूरे होने के बाद प्रवचन मोड की थी उम्मीद’- रोहिणी आचार्य
रोहिणी ने आगे लिखा, “वैसे पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के संपन्न होने के बाद प्रधानमंत्री की तरफ से आई ये नसीहतें अप्रत्याशित नहीं बल्कि अपेक्षित ही थीं. देश भली-भांति समझ ही रहा था कि चुनाव खत्म होते ही प्रधानमंत्री के ज्ञान चक्षु खुलेंगे और वे प्रवचन मोड में आ जाएंगे।
पेट्रोल-डीजल कम करने वाली अपील पर रोहिणी आचार्य ने लिखा, “प्रधानमंत्री पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की बात कह रहे हैं. बेहतर होता पहले अपनी ओर से करते और ज्यादा पेट्रोल-डीजल खाने वाली बुलेट-प्रूफ गाड़ियों का उपयोग बंद कर देते. अपने काफिले में चलने वाली दर्जनों गाड़ियों के चलने पर या तो रोक लगा देते या फिर उनकी संख्या में कटौती कर देते.
स्पेशल विमान में उड़ने के बजाए आम यात्री जहाजों में सफर करते।
‘पीएम के विदेश दौरे पर खर्च होते हैं अरबों रुपये’- रोहिणी आचार्य
प्रधानमंत्री देश के लोगों से कह रहे हैं कि विदेश घूमने न जाएं, पैसा बचाएं. प्रधानमंत्री की सलाह सुनने में तो अच्छी है, मगर सही तौर पर चरितार्थ तब होती, जब वे खुद ऐलान कर देते कि जब मैं पूरी दुनिया का चक्कर लगा ही चुका हूं, तो अब मैं विदेश की किसी भी यात्रा और तफरीह पर नहीं जाऊंगा और देश का पैसा बचाऊंगा. उम्मीद है प्रधानमंत्री को इस बात की जानकारी होगी ही कि उनके विदेशी दौरों पर अरबों रुपये खर्च होते हैं।








