वाराणसी के भेलुपुर स्थित शिवाला क्षेत्र में सीवर के पानी का जलभराव हो गया है, जिसके चलते यहां आसपास के इलाकों में पानी भर गया है और लोगों को काफी परेशानी हो रही है। वहीं काशी घूमने आए विदेशी नागरिकों को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिसे लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला और इसे दिल्ली और प्रदेश की लड़ाई से जोड़ दिया।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर वाराणसी में जलभराव को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने एक्स पर लिखा- “काशी में विदेशी पर्यटकों के सामने पानी-पानी हुआ देश की ‘प्रधान नगरी’ का जलमग्न विकास! जब तक प्रधान नगरी काशी को जलमग्न मुख्य नगरी गोरखपुर जैसा नहीं बना देंगे तब तक लखनऊवाले मानेंगे नहीं. दरअसल अब आपस का झगड़ा अंतरराष्ट्रीय हो गया है बात दिल्ली बनाम लखनऊ से ऊपर उठकर ‘क्योटो बनाम स्पेन’ की हो गई है।
सीवर के पानी से इलाके में जलभराव
दरअसल वाराणसी के चर्चित शिवाला क्षेत्र में सीवर का पानी भरने की वजह से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यहां अस्सी क्षेत्र के सड़कों पर भी पानी लगने, जल जमाव की वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. हालत ये है कि लोगों के घरों तक सीवर का पानी पहुँच गया है।
वाराणसी में बीते एक सप्ताह से अलग-अलग जगह पर जल जमाव और सीवर का पानी जमा होने की वजह से नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठ रहा है। विदेशी पर्यटक भी इस सीवर गंदे पानी से परेशान नजर आए. जिसके बाद अब नगर निगम ने जल जमाव रोकने के लिए स्थायी ड्रेनेज प्लान तैयार किया है।
जानकारी मिलते ही एक्शन में आया निगम
यह मामला सामने आने के बाद जलकल विभाग ने भेलूपुर ज़ोन के शिवाला वार्ड स्थित रत्नाकर पार्क के पास एवं आसपास की गलियों में हो रहे सीवर ओवरफ्लो को लेकर एक्शन लिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर जलकल के अभियंताओं ने निरीक्षण कर व त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई की है।
नगर निगम ने जारी बयान में कहा कि जलकल विभाग की टीम ने क्षेत्र से गुजर रही ओल्ड ट्रंक सीवर लाइन तथा कोनिया मेन सीवेज पंपिंग स्टेशन का मौके पर जाकर जायजा लिया। जलनिगम ने निर्माण खंड प्रथम के समन्वय से बंद और खराब पड़े पंपों को तत्काल ठीक कराया है। एक से डेढ़ घंटों में ही पंपों के दोबारा चालू होते ही प्रभावित स्थलों और गलियों में जमा सीवर का पानी पूरी तरह हट गया है।








