केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को परिसीमन बिल पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिए बयान पर पलटवार किया है। खरगे ने मोदी सरकार की तरफ से लाए जा रहे परिसीमन बिल को लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा करार दिया है, इस पर किरेन रिजिजू ने कहा, ‘अगर खरगे को लोकतंत्र में भरोसा ही नहीं है, तो मैं कांग्रेस पार्टी के बारे में क्या ही कह सकता हूं?’
उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी ने कभी भी लोकतंत्र में विश्वास नहीं किया है. सिर्फ अभी नहीं पहले से ही, लेकिन आज मैं राजनीतिक बात नहीं करना चाहता हूं. हम लोकतांत्रिक व्यवस्था के हित में इस बिल के लिए समर्थन मांग रहे हैं. नहीं तो हम ये बिल लेकर ही क्यों आते? हम इसे ऐसे ही पारित कर सकते थे।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा, ‘यह बात तो सभी को समझना चाहिए कि हम लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत इस बिल को पारित कराने की अपील कर रहे हैं. इसलिए इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए. मैं विशेष रूप से कांग्रेस पार्टी से अपील करता हूं कि वह राजनीति को छोड़ें।
उन्होंने कहा, ‘मैं कभी समझ नहीं पाया कि कांग्रेस विधायकों और सांसदों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का विरोध क्यों करती है। अगर हम देश की महिलाओं को ताकत देने, सशक्त बनाने के साथ विधायकों और सांसदों की संख्या बढ़ाना चाहते हैं, तो कांग्रेस को इससे आपत्ति क्यों है?’
कई पार्टियों ने कहा कि बिल बहुत अच्छा है- रिजिजू
रिजिजू ने कहा, ‘कई राज्यों से अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों ने भी आज यह कहा है कि बिल बहुत अच्छा है। इसमें सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है. इसलिए सभी समर्थन करना चाहते हैं। अब सिर्फ कांग्रेस और उसकी कुछ सहयोगी पार्टियां बची हुई हैं, उनसे भी मैं यह अपील करता हूं कि आप कोई ऐसा काम मत कीजिए जिससे आप आने वाली पीढ़ियों के लिए कालादागी रह जाएं और बदनाम हो जाएं. वो काला दाग आप कभी साफ नहीं कर पाएंगे. इसलिए मैं फिर से अपील करता हूं कि ऐसा कोई काम मत कीजिए।
परिसीमन बिल पर मल्लिकार्जुन खरगे ने क्या की थी टिप्पणी?
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने परिसीमन बिल को लेकर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘इंडिया ब्लॉक के सभी दलों के नेताओं ने मिलकर तय किय है कि मोदी सरकार की तरफ से लाया जा रहा संविधान संशोधन बिल लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा है. हम इसका विरोध करेंगे.’
उन्होंने कहा, ‘हम नहीं चाहते कि भारत की संसद भी चीन की तरह ऐसी संस्था बन जाए, जहां सरकार के इशारे पर सभी हाथ उठाकर हर प्रस्ताव को मंजूरी दे दें. हमें आशंका है कि इसके जरिए RSS-BJP हमेशा के लिए सत्ता अपने हाथों में रखना चाहती है और संविधान की जगह मनुस्मृति की विचारधारा लागू करना चाहती है. इसीलिए हम सभी ने मिलकर इस संविधान संशोधन बिल का विरोध करने का फैसला किया है. यह न SC/ST के हित में है, न देश के हित में और न ही लोकतंत्र के हित में है. यह संशोधन लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र को खत्म करने के लिए लाया जा रहा है।