Iran-US War: युद्ध पर ‘डील’ या कंफ्यूजन? पर्दे के पीछे ये हैं 5 किरदार, ट्रंप ईरान में आखिर किससे बात कर रहे ?

ईरान में जारी मौजूदा संघर्ष अब केवल सैन्य टकराव नहीं रहा, यह सत्ता, Ideological Control और ग्लोबल शक्ति संतुलन का ऐसा जटिल खेल बन चुका है, जिसकी हर चाल का असर अंतरराष्ट्रीय पॉलिटिक्स, डिप्लोमेसी और इकोनॉमी पर साफ दिख रहा है। हाल के महीनों में घटनाओं की रफ्तार इतनी तेज रही है कि पारंपरिक विश्लेषण पीछे छूटते नजर आते हैं।

इसी उथल-पुथल के बीच एक ऐसा मोड़ आया, जिसने पूरे संकट को और ज्यादा पेचीदा बना दिया. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह दावा कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत “अब हो रही है”. उनके इस बयान के तुरंत बाद ग्लोबल तेल बाजार में हलचल दिखी और कीमतों में करीब 6% की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन सवाल यह है कि क्या यह कूटनीतिक सफलता की शुरुआत है या केवल राजनीतिक बयानबाजी का हिस्सा?

 

ट्रंप का दावा और ईरान की सख्त प्रतिक्रिया

 

ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि उनकी टीम ईरान में सही लोगों से बात कर रही है और वे बहुत बुरी तरह डील करना चाहते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो शामिल हैं. डील करने को उतावले ट्रंप ने हालांकि पहले भी कई डील करवा देने का दावा किया है. हालांकि इस दावे के कुछ ही समय बाद ईरान ने सोमवार (23 मार्च) को इन सभी अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि अमेरिका के साथ किसी भी तरह की बातचीत नहीं हुई है. यह बयान तब आया, जब ट्रंप ने ईरान के पावर ग्रिड पर बमबारी की धमकी को यह कहते हुए टाल दिया था कि उन्हें “अज्ञात ईरानी अधिकारियों के साथ प्रगतिशील बातचीत के संकेत मिले हैं. यह विरोधाभास इस पूरे संकट की सबसे बड़ी पहेली बन गया है. क्या वाकई पर्दे के पीछे कोई संवाद चल रहा है या यह वैश्विक दबाव बनाने की रणनीति है?

 

कूटनीति बनाम दबाव: ट्रंप की रणनीति

 

अमेरिका की ओर से डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर कड़ा रुख अपनाया है, लेकिन साथ ही बातचीत के रास्ते खुले होने का संकेत भी दिया है। उनकी शैली हमेशा से अप्रत्याशित रही है और यही अनिश्चितता इस पूरे समीकरण को और जटिल बनाती है. उनके इस बयान के बाद वैश्विक बाजारों में जो प्रतिक्रिया दिखी, वह इस बात का संकेत है कि निवेशक और सरकारें दोनों किसी संभावित कूटनीतिक समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं।

 

पर्दे के पीछे की बातचीत का रहस्य

 

सबसे बड़ा सवाल यही है कि ईरान की ओर से ट्रंप से बात कौन कर रहा है या कर सकता है. औपचारिक रूप से ऐसी कोई पुष्टि नहीं है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय कूटनीति अक्सर औपचारिक चैनलों से नहीं चलती. संकेतों, बयानों और गतिविधियों को पढ़ना पड़ता है. यह भी संभव है कि ओमान या कतर जैसे देशों के जरिए अप्रत्यक्ष संवाद चल रहा हो. पाकिस्तान की तरफ से भी इस मुद्दे पर मध्यस्तता की बात की जा रही है. यदि ऐसा है तो यह मल्टी लेवल टॉक्स का एक कॉम्लेक्स उदाहरण होगा, जहां राजनीतिक नेतृत्व, सैन्य शक्ति और अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थ तीनों मिलकर समाधान तलाशने की कोशिश कर रहे हैं।

 

खामेनेई की हत्या और सत्ता का रहस्यमय पुनर्गठन

 

इस जियोपॉलिटिकल संकट को सबसे बड़ा झटका तब लगा, जब ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की हत्या की खबर सामने आई. यह घटना केवल एक राजनीतिक हत्या नहीं थी, बल्कि उस सत्ता संरचना के केंद्र पर हमला था, जिसने दशकों तक ईरान की नीति और रणनीति को दिशा दी थी. इस घटना के बाद सत्ता परिवर्तन जिस तेजी से हुआ, उसने दुनियाभर के विश्लेषण वैज्ञानिकों को चौंका दिया. ईरान में सत्ता और मौजूदा परिदृश्य अस्थिरता और अनिश्चितता से भरा हुआ है. सत्ता का केंद्र स्पष्ट नहीं है और यही स्थिति इसे और खतरनाक बनाती है. जो भी टॉप नेतृत्व थे या तो वे मारे गए हैं और अब दृष्य से बाहर हैं।

मुज्तबा खामेनेई, स्वाभाविक उत्तराधिकारी

 

अब ईरान की कमान मुज्तबा खामेनेई के हाथों में बताई जा रही है,  जो पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई के बेटे हैं. उनकी औपचारिक नियुक्ति के बावजूद यह सवाल कायम है कि असली शक्ति उनके पास है या नहीं. सवाल इसलिए भी उठ रहे हैं क्योंकि जब से ये संघर्ष शुरू हुआ है, तब से उनकी मौजूदगी नहीं रही है, साथ ही ईरान के अंदर भी कई आवाजें अब उठने लगी हैं. मशहद में जन्मे मुज्तबा खामेनेई ने बचपन से ही सत्ता के केंद्र को करीब से देखा. 1979 की क्रांति के बाद वे IRGC से जुड़े और ईरान-इराक युद्ध के अंतिम वर्षों ने सुरक्षा प्रतिष्ठान से उनके रिश्ते मजबूत किए. क़ोम में धार्मिक अध्ययन के बावजूद पारंपरिक धार्मिक दर्जा नहीं मिला, लेकिन विवाह और राजनीतिक नेटवर्किंग से उन्होंने प्रभाव बढ़ाया. 2009 के ग्रीन मूवमेंट दमन में उनकी भूमिका ने उन्हें कठोर, प्रभावशाली शक्ति केंद्र के रूप में स्थापित किया.

 

शैडो लीडर के रूप में मुज्तबा खामेनेई की पहचान

 

मुज्तबा खामेनेई को लंबे समय से शैडो लीडर के रूप में देखा जाता रहा है. धार्मिक वैधता के मामले में उनकी स्थिति सीमित मानी जाती है, लेकिन सत्ता के गलियारों में उनकी पकड़ गहरी बताई जाती है. उनके पिता के कार्यकाल के दौरान कई अहम निर्णयों में उनकी अप्रत्यक्ष भूमिका की चर्चा होती रही है. अब जब वे औपचारिक रूप से शीर्ष पर हैं तो यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वे वास्तव में निर्णय लेने की स्थिति में हैं या केवल प्रतीकात्मक चेहरा बनकर रह जाएंगे. अल अरबिया की एक रिपोर्ट में, इज़राइली मीडिया का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता, मुज्तबा खामेनेई, अमेरिका के साथ बातचीत करने और किसी समझौते पर पहुंचने के लिए सहमत हो गए हैं. यह कदम मौजूदा शत्रुता के बीच कूटनीतिक समाधान की एक संभावित राह का संकेत देता है. हालांकि अमेरिकी रिपोर्ट्स की माने तो आयतुल्लाह मुज्तबा खामेनेई पद संभालने के बाद से ही लोगों की नज़रों से दूर हैं और ऐसी खबरें हैं कि वे बुरी तरह घायल हो गए थे. CIA भी ईरान के नए नेता के बारे में सुराग तलाश रही है.

 

मसूद पेज़ेशकियन, सुधारवादी चेहरा, सीमित भूमिका

 

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन को अपेक्षाकृत नरम और सुधारवादी छवि वाले नेता के रूप में देखा जाता है. अंतरराष्ट्रीय मंचों पर वे ईरान का चेहरा जरूर हैं, लेकिन मौजूदा युद्ध जैसी स्थिति में उनकी भूमिका सीमित दिखाई देती है. उनकी स्थिति उस नेता की तरह है जो कूटनीतिक संवाद का प्रतिनिधित्व करता है, लेकिन सैन्य और रणनीतिक फैसलों में निर्णायक भूमिका नहीं निभा पाता. यही कारण है कि ट्रंप से संभावित बातचीत के सवाल पर भी उनकी भूमिका को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है.

 

कालिबाफ और सत्ता की सैन्य-राजनीतिक धुरी

 

ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर कालिबाफ का प्रोफाइल पूरी तरह अलग है. पूर्व सैन्य अधिकारी होने के कारण उनके इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से गहरे संबंध माने जाते हैं. उन्हें एक कठोर लेकिन व्यावहारिक प्रशासक के रूप में देखा जाता है. पूर्व पुलिस प्रमुख और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स से जुड़े रहे क़ालिबाफ लंबे समय से ईरान की सत्ता के करीब रहे और मजबूत स्तंभ माने जाते हैं. 2005 में उन्होंने राष्ट्रपति पद की दौड़ में उतरकर राष्ट्रीय राजनीति में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी. इसके बाद तेहरान के मेयर और फिर ईरानी संसद के अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने ईरान की राजनीति में अपनी पकड़ और मजबूत की. उनका प्रभाव केवल संसद की सीमाओं तक नहीं है. वे उन क्षेत्रों में भी सक्रिय हैं, जहां सैन्य रणनीति और राजनीतिक निर्णय एक-दूसरे से मिलते हैं. यही कारण है कि संभावित बैक-चैनल वार्ताओं में उनका नाम एक संभावित मध्यस्थ के रूप में लिया जा रहा है.

 

ग़ोलाम-हुसैन मोहसेनी-एजेई, आंतरिक नियंत्रण और न्यायपालिका की भूमिका

 

ईरान के न्यायपालिका प्रमुख ग़ोलाम-हुसैन मोहसेनी-एजेई की भूमिका भी इस संकट में बेहद अहम है. आंतरिक विरोध और असंतोष को नियंत्रित करने में उनकी रणनीति निर्णायक रही है. युद्ध के समय में देश के भीतर स्थिरता बनाए रखना जितना जरूरी होता है, उतना ही कठिन भी. यह जिम्मेदारी उनके कंधों पर है और उनकी नीतियां इस बात को तय कर सकती हैं कि ईरान अंदर से कितना मजबूत या कमजोर साबित होगा.

हिजाब विरोधी प्रदर्शनों के समय गोलेमहोसिन मोहसेनी एजे ने औरतों और लड़कियों के लिए एक नया फरमान सुनाया था. उन्होंने कहा ,” खुले सिर रहना (हमारे) मूल्यों के साथ दुश्मनी के समान है.” उन्होंने कहा कि हिजाब न पहनने वाली औरतों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने में कोई रियायत नहीं बरती जाएगी. महिलाओं के प्रति उनका रुख काफी रूढ़िवादी रहा है और ईरान की सरकार के हिसाब से रहा है.

 

सैयद अब्बास अराघची, ईरान के विदेश मंत्री

 

ईरान के शीर्ष राजनयिक के रूप में अराघची इस समय सरकार का सबसे प्रमुख चेहरा बनकर उभरे हैं. पश्चिमी कूटनीतिक हलकों में वे लंबे समय से परमाणु कार्यक्रम पर सख्त रुख रखने वाले कठोर वार्ताकार के रूप में जाने जाते हैं. ईरान की तरफ से विश्वभर में इस वक्त सिर्फ अराघची ही बात कर रहे हैं. चाहे वो होर्मूज स्ट्रेट को खोलने को लेकर भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर हों या भी चीन के साथ बातचीत हो या फिर रूस से मशविरा हो रहा हो.

 

विदेश मंत्री अब्बास अराघची का बयान

 

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बड़ा और चौंकाने वाला बयान देते हुए कहा है कि वॉशिंगटन के साथ बातचीत अब हमेशा के लिए खत्म हो चुकी है. हालिया अमेरिकी-इज़राइली हमलों के बाद जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने इसे भरोसे के साथ विश्वासघात करार दिया. इस पर भी अगर भरोसा करें को यहां बातचीत का दरवाजा ट्रंप के लिए बंद ही दिखता है. हालिया इंटरव्यू और सोशल मीडिया बयानों में उन्होंने ईरान को हमलों का “पीड़ित” बताते हुए चेतावनी दी कि ऊर्जा अवसंरचना पर हमले जारी रहे तो तेहरान “बिना रोक-टोक प्रतिक्रिया” देगा. विश्लेषकों का मानना है कि मौजूदा युद्ध में उनकी बढ़ती भूमिका उन्हें भविष्य की सत्ता राजनीति में भी मजबूत बना सकती है. फिलहाल उनकी चुनौती सैन्य दबाव, घरेलू अपेक्षाओं और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के बीच संतुलन साधने की है. एक ऐसी “टाइटरोप वॉक” जिसमें ईरान के रणनीतिक हित दांव पर हैं.

 

IRGC है ईरान का असली शक्ति केंद्र?

 

इन सभी राजनीतिक चेहरों के बीच एक ऐसा संगठन है, जिसकी भूमिका सबसे ज्यादा प्रभावशाली मानी जा रही है.  इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स. यह केवल एक सैन्य बल नहीं, बल्कि आर्थिक, राजनीतिक और खुफिया नेटवर्क का विशाल तंत्र है. मौजूदा संघर्ष में असली फैसले कहीं न कहीं इसी संगठन के भीतर लिए जा रहे हैं. यही वह बिंदु है जहां ईरान की सत्ता संरचना धुंधली हो जाती है. क्या वास्तविक शक्ति मुज्तबा खामेनेई के पास है, या IRGC के जनरलों के हाथों में? क्या ग़ालिबाफ जैसे नेता इस शक्ति संतुलन को प्रभावित कर सकते हैं? इन सवालों के जवाब सीधे नहीं हैं, लेकिन संकेत साफ हैं. ईरान एक केंद्रीकृत सत्ता से बहु-केंद्रित शक्ति संरचना की ओर बढ़ रहा है.

 

वैश्विक असर: तेल से लेकर शक्ति संतुलन तक

 

ईरान का यह संकट केवल मध्य पूर्व तक सीमित नहीं रहेगा. इसका असर वैश्विक तेल बाजार, अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और कूटनीतिक संबंधों पर पड़ेगा. तेल कीमतों में हालिया गिरावट ने यह जरूर दिखाया कि बाजार किसी सकारात्मक संकेत पर तुरंत प्रतिक्रिया देता है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि संघर्ष अभी खत्म नहीं हुआ है. यदि कूटनीतिक समाधान नहीं निकलता तो यह संकट वैश्विक शक्ति संतुलन को भी प्रभावित कर सकता है, खासकर अमेरिका, चीन और रूस जैसे देशों के बीच.

 

अनिश्चित भविष्य, निर्णायक मोड़

 

ईरान का मौजूदा परिदृश्य अस्थिरता और अनिश्चितता से भरा हुआ है. सत्ता का केंद्र स्पष्ट नहीं है और यही स्थिति इसे और खतरनाक बनाती है. आने वाले समय में यह तय करेगा कि ईरान टकराव की राह पर आगे बढ़ेगा या कूटनीति की ओर मुड़ेगा. इतना तय है कि यह संघर्ष केवल सीमाओं तक सीमित नहीं रहेगा. यह वैश्विक राजनीति की दिशा भी तय कर सकता है. फिलहाल दुनिया की निगाहें तेहरान और वॉशिंगटन पर टिकी हैं. क्या “अब हो रही” बातचीत सच में युद्ध खत्म करने का रास्ता बनाएगी, या यह केवल एक और राजनीतिक चाल साबित होगी, इसका जवाब आने वाले दिनों में सामने आएगा.

  • Related Posts

    भारत में समंदर किनारे दबा था दुनिया का पहला बंदरगाह, 4000 साल तक यूरोप में भी नहीं था ऐसा पोर्ट, इतिहासकार ने खोली अंग्रेजों की झूठ की पोल
    • TN15TN15
    • July 22, 2026

    नई दिल्ली। अरसे से पश्चिम के इतिहासकार इस…

    Continue reading
    आखिर क्यों बलूचिस्तान को नहीं छोड़ना चाहता पाकिस्तान?
    • TN15TN15
    • July 15, 2026

    पाकिस्तान के सबसे अशांत और आर्थिक रूप से…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    प्रेमचंद और हमारा समय : केरल विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में परिचर्चा का आयोजन

    • By TN15
    • July 28, 2026
    प्रेमचंद और हमारा समय : केरल विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में परिचर्चा का आयोजन

    ए साधो … 

    • By TN15
    • July 28, 2026
    ए साधो … 

    बिहार: AK-47 का किसने दिया ऑर्डर, कितनों को लगी गोली?

    • By TN15
    • July 27, 2026
    बिहार: AK-47 का किसने दिया ऑर्डर, कितनों को लगी गोली?

    Reservation Hatao आंदोलन को मैथ्स वाले अभिनय सर का समर्थन है या नहीं?    

    • By TN15
    • July 27, 2026
    Reservation Hatao आंदोलन को मैथ्स वाले अभिनय सर का समर्थन है या नहीं?    

    अभी और कुछ देखना बाकी है, अभी भी है क्या अंधभक्ति ?

    • By TN15
    • July 27, 2026
    अभी और कुछ देखना बाकी है, अभी भी है क्या अंधभक्ति ?

    जंतर मंतर आंदोलन पर पैलेट गन के प्रयोग के जिम्मेदार अमित शाह इस्तीफा दें

    • By TN15
    • July 27, 2026
    जंतर मंतर आंदोलन पर पैलेट गन के प्रयोग के जिम्मेदार अमित शाह इस्तीफा दें