दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार दोपहर को तेज धूल भरी आंधी ने दस्तक दी। छतरपुर, आर.के. पुरम, कर्तव्य पथ और इंडिया गेट जैसे इलाकों में दिन में ही अंधेरा छा गया। इंडिया गेट पर मौजूद लोग मौसम के बदले मिजाज को कैमरे में कैद करते दिखे. दोपहर तीन बजे से पहले तक दिल्ली में तेज धूप दिखी, लेकिन कुछ ही देर में तेज आंधी चलनी शुरू हो गई। दिल्ली से सटे नोएडा में भी धूल भरी आंधी का असर दिखा. इसके बाद कई इलाकों में झमाझम बारिश होने लगी।
मौसम विभाग ने बताया कि हवा की पालम में हवा की गति 91 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। हवा की दिशा पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम (Westsouthwest) रही. दोपहर 2 बजकर 28 मिनट से 2 बजकर 30 मिनट तक तेज आंधी दर्ज की गई. तापमान में 11°C (39.8-28.8°C) का बदलाव आया। अलग-अलग वेदर स्टेशन पर हवा की गति का आंकड़ा भी सामने आया. पूसा में दोपहर तीन बजे हवा की गति 85 किमी प्रति घंटा रही। सफदरजंग स्टेशन पर हवा की गति दोपहर ढाई बजे 52 किमी प्रति घंटा रही. पीतमपुरा पर दोपहर तीन बजे 54 किमी प्रति घंटे की रफ्तार की हवा की गति दर्ज की गई।








