
दिनेश कुमार कुशवाहा
लेकिन एक सवाल जो बार-बार मन में उठता है — क्या प्राइवेट सेक्टर में जीवनभर ईमानदारी से काम करने वाले लोग इस सम्मान के हकदार नहीं होते?
क्या उनका रिटायरमेंट किसी “पद” या “सरकारी पहचान” के बिना, इतना तुच्छ हो जाता है कि कोई विदाई तक नहीं करता?
प्राइवेट कर्मचारियों की अनदेखी — एक सामाजिक विडंबना
प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाला व्यक्ति अक्सर हर स्तर पर संघर्ष करता है —
अस्थिर नौकरी का डर
काम का अत्यधिक दबाव
कम वेतन और बिना पेंशन की जिंदगी
और सबसे बड़ी बात — समाज की नजरों में ‘कमतर’ समझा जाना।
यह विडंबना तब और गहरी हो जाती है जब विवाह जैसे जीवन के अहम निर्णयों में भी परिवारों की “पहली पसंद” सिर्फ सरकारी नौकरी वाला ही होता है। चाहे प्राइवेट कर्मचारी कितना ही योग्य, पढ़ा-लिखा या संस्कारी क्यों न हो — एक सरकारी पहचान के अभाव में वह अक्सर नज़रअंदाज़ कर दिया जाता है।
क्या यह उचित है?
रिटायरमेंट: सिर्फ सरकारी का पर्व क्यों?
सरकारी कर्मचारी के रिटायरमेंट को संस्थान में सम्मान पूर्वक विदाई दी जाती है।
समारोह होता है
भाषण होते हैं
श्रद्धा और सम्मान से फूल मालाएं पहनाई जाती हैं
उपहार और मिठाई बांटी जाती है
लेकिन वहीं एक प्राइवेट कर्मचारी, जिसने 30-35 वर्षों तक कंपनी के लिए खून-पसीना बहाया, वह अक्सर चुपचाप एक फाइल बंद करता है, और अगले दिन से “भूतपूर्व कर्मचारी” बन जाता है — बिना किसी समारोह, बिना किसी सम्मान, बिना किसी धन्यवाद के।
क्या उसकी सेवा का मूल्य सिर्फ इसलिए कम हो गया क्योंकि वह “सरकारी” नहीं था?
समाज को बदलनी होगी अपनी सोच
आज प्राइवेट सेक्टर भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।
आईटी इंजीनियर, बैंकिंग कर्मचारी, निजी शिक्षकों, कॉल सेंटर एजेंट्स, हेल्थकेयर स्टाफ — ये सभी लाखों लोग देश के विकास में बराबर का योगदान दे रहे हैं।
फिर उनके साथ यह भेदभाव क्यों?
रिटायरमेंट कोई साधारण दिन नहीं, बल्कि किसी के जीवन के सबसे अहम अध्याय का समापन होता है। यह वह दिन होता है जब व्यक्ति को एहसास दिलाया जाना चाहिए कि उसने अपनी भूमिका जिम्मेदारी से निभाई, और समाज उसका आभारी है।
हमारी अपील
हम समाज, निजी संस्थानों और नीति-निर्माताओं से यह अपील करते हैं:
प्राइवेट सेक्टर में भी रिटायरमेंट को सम्मानजनक रूप में मनाने की संस्कृति विकसित हो।
ऐसे कर्मचारियों की विदाई संस्थागत और सामाजिक स्तर पर सराहनीय बने।
स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक कार्यक्रमों में बच्चों को यह सिखाया जाए कि “काम कोई छोटा नहीं होता”, और हर मेहनतकश व्यक्ति समान रूप से सम्मान के योग्य है।
समाप्ति नहीं, नई शुरुआत हो
रिटायरमेंट सम्मान का विषय बने — चाहे वह सरकारी कर्मचारी का हो या प्राइवेट का।
समाज में पद और प्रतिष्ठा का मूल्यांकन केवल ‘सरकारी मुहर’ से नहीं, बल्कि ईमानदारी, मेहनत और जीवन भर की प्रतिबद्धता से हो।
आज जरूरत है एक नई सोच की,
जहां ‘मानवता’ और ‘सम्मान’ सबसे ऊपर हो।
(लेखक प्रकृति सेवा फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं)






