दिल्ली में राशन व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि 15 मई से ई-पोर्टल के माध्यम से नए राशन कार्ड के आवेदन शुरू हो चुके हैं। जिससे लोगों को अब आसानी से ऑनलाइन सुविधा मिल सकेगी. राशन दुकानों पर ई-बायोमेट्रिक और डिजिटल माप प्रणाली लागू की गई है, ताकि लाभार्थियों को सत्यापन के बाद ही पूरा और सही मात्रा में राशन मिल सके। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, ”सरकार ने दिल्ली फूड सिक्योरिटी रूल्स 2026 और नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट 2013 को पूरी तरह लागू करते हुए पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन और अधिक जवाबदेह बनाया है, जिससे फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी और जरूरतमंद लोगों तक सही लाभ पहुंच सकेगा।
राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया- रेखा गुप्ता
उन्होंने आगे कहा, ”दिल्ली में नए राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को बेहद आसान और पारदर्शी बनाया गया है. आवेदन के लिए केवल आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, पारिवारिक आय प्रमाण पत्र और परिवार के सदस्यों का विवरण देना होगा. सरकार अब आय सीमा को बढ़ाकर लगभग 2.5 लाख तक करने की तैयारी में है, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकेंगे.”
‘सभी आवेदन ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के जरिए ऑनलाइन किए जाएंगे’
मुख्यमंत्री ने ये भी कहा, ”सभी आवेदन ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएंगे, ताकि लोगों को सुविधा और पारदर्शिता दोनों मिल सके. साथ ही, शिकायतों के समाधान के लिए डीएम स्तर पर विशेष कमेटी बनाई गई है, जिससे किसी भी नागरिक को परेशानी न हो और हर आवेदन प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।
13 वर्षों से लाखों गरीब राशन कार्ड के लिए काटते रहे चक्कर- CM






