एसपी ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया
मोतिहारी / राजन द्विवेदी। पुलिस के लाख प्रयास के बावजूद अपराधियों का हौसला कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में मंगलवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे बेखौफ अपराधियों ने जिले के पीपरा में एक सीएसपी संचालक को गोली मारकर पांच लाख रुपए, पासबुक, चेक एवं लैपटॉप लूट कर फरार हो गए। वहीं गोली से जख्मी सीएसपी संचालक अनिरुद्ध कुमार सिंह को इलाज के लिए रहमानिया में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार अपराधियों ने इस लूट की घटना को पीपरा थाना क्षेत्र के जमुनिया बलही देवी के समीप अंजाम दिया। जहां पीपराकोठी थाना क्षेत्र के बरकुरवा निवासी अनिरुद्ध कुमार सिंह अपने कार से पांच लाख रुपए लेकर जमुनिया स्थित एसबीआई के अपने सीएसपी के लिए जा रहे थे। तभी अपराधियों ने रास्ते में घेर कर अनिरुद्ध कुमार सिंह को गोली मार कर पांच लाख रुपए नकद, पासबुक, साइन किया हुआ ब्लैंक चेक, लैपटॉप लूट लिया और पीपरा कोठी की ओर अपराधी फरार हो गए। पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। इस संबंध में एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। साथ ही चकिया एसडीपीओ मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दिए हैं।








