समस्तीपुर के सैदपुर-पूसा में भीषण जाम से लोग बेहाल, घंटों थमी रही रफ्तार

समस्तीपुर। दीपक तिवारी। जिले के कल्याणपुर प्रखंड स्थित सैदपुर-पूसा मार्ग पर शनिवार की शाम भीषण जाम लगने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सैदपुर चौक, सैदपुर हाट, पूसा बाजार और पूसा पुल के आसपास कई घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। बाजार पहुंचे लोगों को खरीदारी करने और समय पर घर लौटने में काफी दिक्कत हुई। वहीं नौकरीपेशा लोग, छात्र-छात्राएं, मरीज और दैनिक यात्री भी घंटों जाम में फंसे रहे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल के दिनों में सैदपुर और पूसा में जाम की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। खासकर शनिवार और मंगलवार को सैदपुर हाट लगने के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है। शाम के समय बाजार में भीड़ बढ़ने से वाहनों की आवाजाही लगभग ठप हो जाती है।
लोगों के अनुसार जाम की मुख्य वजह सड़क पर अतिक्रमण, अवैध ऑटो-टोटो स्टैंड, सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग, जर्जर सड़कें, जगह-जगह जलजमाव और बाजार में अस्थायी दुकानों का सड़क तक फैल जाना है। सैदपुर चौक से पूसा पुल तक ऑटो और टोटो का अनियंत्रित संचालन भी यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन पर टोल टैक्स बचाने के लिए कई भारी वाहन हनुमाननगर, जागरण, बंदरा, केतसा चौक, सकरा चौक होते हुए सैदपुर-पूसा मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। यह सड़क पहले से ही संकरी और जर्जर है। ऐसे में भारी वाहनों के गुजरने से अक्सर लंबा जाम लग जाता है।
सैदपुर और पूसा का बाजार उत्तर बिहार के बड़े ग्रामीण क्षेत्रों के लिए प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। यहां समस्तीपुर के कल्याणपुर और चकमेहसी क्षेत्र के अलावा मुजफ्फरपुर जिले के बंदरा एवं गायघाट प्रखंड तथा दरभंगा जिले के दक्षिणी और पश्चिमी इलाकों के सैकड़ों गांवों के लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, मरीज, किसान, व्यवसायी और डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा आने-जाने वाले लोगों की भी बड़ी संख्या इसी मार्ग से गुजरती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पूसा बाजार के हाथी चौक के आगे पुलिया निर्माण कार्य पिछले करीब एक महीने से धीमी गति से चल रहा है। निर्माण कार्य के कारण यातायात का दबाव वैकल्पिक मार्गों पर बढ़ गया है, जिससे जाम की समस्या और गंभीर हो गई है।
शनिवार की शाम सैदपुर, पूसा और आसपास के इलाके में कई घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। देर शाम तक वाहन रेंगते रहे और लोग जाम से निकलने के लिए परेशान दिखे। सरकारी और निजी कार्यालयों से लौट रहे कर्मचारी, बाजार से घर जा रहे लोग, छात्र-छात्राएं और मरीजों के परिजन सबसे अधिक परेशान नजर आए।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सैदपुर-पूसा क्षेत्र में स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए, अवैध ऑटो-टोटो स्टैंड हटाए जाएं, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाकर पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए तथा जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत कर पुलिया निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।

  • Related Posts

    13 साल से फरार कुख्यात अपराधी STF के हत्थे चढ़ा, मुजफ्फरपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी

    मुजफ्फरपुर। बिहार पुलिस मुख्यालय की स्पेशल टास्क फोर्स…

    Continue reading
    मोतीपुर के भारत ऊर्जा एथेनॉल प्लांट में लगी आग, कर्मचारियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

    मुजफ्फरपुर/मोतीपुर। मोतीपुर थाना क्षेत्र के मुरारपुर स्थित भारत…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    जन संवाद यात्रा के अंतर्गत ग्राम हरौला में जनहित के मुद्दों पर हुआ सार्थक संवाद

    • By TN15
    • July 6, 2026
    जन संवाद यात्रा के अंतर्गत ग्राम हरौला में जनहित के मुद्दों पर हुआ सार्थक संवाद

    Greater Noida News : बिजनौर के रवा राजपूतों ने किया समाज के उत्थान पर मंथन! 

    • By TN15
    • July 6, 2026
    Greater Noida News : बिजनौर के रवा राजपूतों ने किया समाज के उत्थान पर मंथन! 

    13 साल से फरार कुख्यात अपराधी STF के हत्थे चढ़ा, मुजफ्फरपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी

    • By TN15
    • July 6, 2026
    13 साल से फरार कुख्यात अपराधी STF के हत्थे चढ़ा, मुजफ्फरपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी

    मोतीपुर के भारत ऊर्जा एथेनॉल प्लांट में लगी आग, कर्मचारियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

    • By TN15
    • July 6, 2026
    मोतीपुर के भारत ऊर्जा एथेनॉल प्लांट में लगी आग, कर्मचारियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

    समस्तीपुर के सैदपुर-पूसा में भीषण जाम से लोग बेहाल, घंटों थमी रही रफ्तार

    • By TN15
    • July 6, 2026
    समस्तीपुर के सैदपुर-पूसा में भीषण जाम से लोग बेहाल, घंटों थमी रही रफ्तार

    मुजफ्फरपुर में बाबा गरीबनाथ कॉरिडोर परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर होगा मंदिर का विकास

    • By TN15
    • July 6, 2026
    मुजफ्फरपुर में बाबा गरीबनाथ कॉरिडोर परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर होगा मंदिर का विकास