नई दिल्ली । लालू यादव और उनके परिवार के सदस्यों की मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई को निर्देश दिया कि वह नौकरी के बदले जमीन मामले में 7 जून तक अपना अंतिम आरोप पत्र दाखिल करे. कोर्ट ने सीबीआई की लगातार समय मांगने की मांग पर नाराजगी जताई और कहा कि हर तारीख पर समय मांगने से न्याय प्रक्रिया में देरी हो रही है।
दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने लैंड फॉर जॉब मामले में अंतिम चार्जशीट दाखिल करने के लिए सीबीआई को फिर समय दे दिया है। स्पेशल जज विशाल गोगने ने 7 जून तक अंतिम चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश दिया।
बुधवार को सुनवाई के दौरान सीबीआई की ओर से पेश वकील डीपी सिंह ने कहा कि अंतिम चार्जशीट अंतिम चरण में है. हम जून में चार्जशीट दाखिल कर देंगे। इसपर कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए कहा कि हर सुनवाई पर यही होता है, आप यही कहते हैं। कोर्ट ने कहा कि जून में कोर्ट की छुट्टी हो रही है. आप छुट्टी से पहले चार्जशीट दाखिल करे।
इसके पहले भी 9 मई को सीबीआई ने कहा था कि चार्जशीट लगभग तैयार है और चार्जशीट को दाखिल करने में 15 से 20 दिन का समय लग सकता है। 30 अप्रैल को भी कोर्ट ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल करने में देरी करने पर सीबीआई को फटकार लगाई थी। सीबीआई की ओर से पेश वकील डीपी सिंह ने कहा कि अंतिम चार्जशीट करीब-करीब पूरी हो चुकी है, लेकिन कुछ कानूनी सवालों पर सीबीआई के अधिकारी आंतरिक चर्चा कर रहे हैं।
इस पर कोर्ट ने कहा कि तीन महीने से अंतिम चार्जशीट के लिए समय लिया जा रहा है। अंतिम चार्जशीट दाखिल नहीं होने की वजह से ट्रायल शुरु नहीं हो रहा है। कोर्ट में कार्यवाही ठप पड़ी हुई है। कई आरोपियों की विभिन्न अर्जियां लंबित हैं।
सीबीआई ने 6 मार्च को इस मामले में तीसरी पूरक चार्जशीट दाखिल किया था। सीबीआई ने पूरक चार्जशीट में भोला यादव को नौकरी पाने वाले दो अभ्यर्थियों अशोक कुमार और बबीता को आरोपी बनाया है। सीबीआई के पूरक चार्जशीट में कहा गया है कि भोला यादव लालू यादव के सचिव रह चुके हैं और वही सभी काम देखते थे।
भोला यादव ही अफसरों को निर्देश देते थे। सीबीआई ने इस संबंध में भोला यादव के कंप्यूटर से दस्तावेज हासिल किए हैं। 27 फरवरी को सीबीआई ने कोर्ट से कहा था कि वो इस मामले में दस दिनों के अंदर पूरक चार्जशीट दाखिल करेगी। सीबीआई ने इस मामले में भोला यादव और हृदयानंद चौधरी को गिरफ्तार किया था। भोला यादव 2004 से 2009 तक लालू यादव के ओएसडी रहे थे।







