राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी (AAP) के दो-तिहाई राज्यसभा सांसदों के पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने के दावे के बाद राजनीति गरमाई हुई है। इस बीच आम आदमी पार्टी ने इस संकट को लेकर अब नई रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी नेताओं के बीच स्थिति को लेकर विचार-विमर्श जारी है. शुक्रवार (24 अप्रैल) को देर रात, गुजरात दौरे से लौटने के बाद, पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल से उनके आवास पर मुलाकात की।
मनीष सिसोदिया गुजरात नगर निगम चुनावों में पार्टी के लिए प्रचार करने राजकोट गए थे. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक पार्टी सूत्रों ने बताया, “देर रात दिल्ली लौटने के बाद, मनीष सिसोदिया एयरपोर्ट से सीधे पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर गए. दोनों नेताओं ने आधे घंटे से अधिक समय तक मुलाकात की।
राज्यसभा के सभापति को सौंपेंगे चिट्ठी
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने पार्टी में टूट और इसके संभावित प्रभाव और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा की। अब आम आदमी पार्टी (AAP) भी इस मामले में राज्यसभा के सभापति को पत्र भेजने की तैयारी में है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि उच्च सदन के मुख्य सचेतक एनडी गुप्ता, राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल के खिलाफ राज्यसभा के सभापति को चिट्ठी सौंपेंगे।
राघव चड्ढा, पाठक और मित्तल के खिलाफ कार्रवाई की करेंगे मांग
एनडी गुप्ता की चिट्ठी में दल-बदल विरोधी कानून के तहत राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। ये तीन नेता सार्वजनिक रूप से बीजेपी में शामिल हुए हैं. बाकी के चार नेताओं को सार्वजनिक रूप से ऐसा करते नहीं देखा गया। इसलिए, मुख्य सचेतक बीजेपी दफ्तर में पहुंचे तीनों सांसदों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएंगे।
सबसे भरोसेमंद साथी से बागी तक, राघव चड्ढा का जाना अरविंद केजरीवाल के लिए कितना बड़ा झटका?
AAP सांसद संजय सिंह ने क्या कहा था?
इससे पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने भी घोषणा की थी कि वे राज्यसभा सभापति को पत्र लिखकर संविधान की दसवीं अनुसूची का हवाला देते हुए तीनों सांसदों को अयोग्य घोषित करने की मांग करेंगे। दसवीं अनुसूची में दलबदल के आधार पर अयोग्यता के प्रावधानों का विस्तृत वर्णन है।
बता दें कि राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल शुक्रवार (24 अप्रैल) को बीजेपी में शामिल हो गए। राघव चड्ढा ने कहा कि ‘आप’ के दो-तिहाई से ज्यादा सांसदों का बीजेपी में विलय हो गया है। राघव चड्ढा नेतृत्व में अशोक कुमार मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, राजिंदर गुप्ता, विक्रमजीत सिंह साहनी और स्वाति मालीवाल ने आप छोड़कर बीजेपी में जाने का फैसला लिया है। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी में ये दरार पिछले कई हफ्तों से पनप रही थी. राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता के पद से हटाए जाने के बाद से मतभेद और भी साफ तौर से नजर आने लगा था।








