शिक्षा की अलख जगाने वाले स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी को नमन, हजारों जरूरतमंदों में होगा वस्त्र वितरण
पूर्व विधायक जय चौबे की अपील—भिटहा पहुंचकर दादा जी को श्रद्धासुमन अर्पित करें, ऐतिहासिक आयोजन के बनें साक्षी
जितेंद्र पाठक
संतकबीरनगर। पूर्वांचल में शिक्षा की अलख जगाकर हजारों परिवारों की नई पीढ़ियों को बेहतर भविष्य की राह दिखाने वाले महान शिक्षाविद, समाजसेवी एवं जन-जन के श्रद्धेय स्वर्गीय पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी (दादा जी) की पुण्यतिथि पर आगामी 3 अक्टूबर को उनके पैतृक गांव भिटहा में श्रद्धा और स्मृतियों का विशाल संगम देखने को मिलेगा। पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित होने वाले भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम में संतकबीरनगर, बस्ती समेत पूरे पूर्वांचल से बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर अपने श्रद्धेय दादा जी को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन खलीलाबाद विधानसभा के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे, सूर्या ग्रुप के निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में किया जा रहा है। इस अवसर पर संपूर्ण चतुर्वेदी परिवार अपने पूज्य दादा जी को नम आंखों से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेगा।
स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी ने शिक्षा को समाज परिवर्तन का माध्यम बनाकर पूर्वांचल में ज्ञान की ऐसी अलख जगाई, जिसका प्रभाव आज भी नई पीढ़ियों के बीच दिखाई देता है। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के साथ ही समाजसेवा और जरूरतमंदों की सहायता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी पुण्यतिथि के आयोजन के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।
सेवा के जरिए दादा जी को दी जाएगी श्रद्धांजलि
पुण्यतिथि के अवसर पर सेवा और समर्पण की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हजारों असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच वस्त्र वितरण किया जाएगा। जरूरतमंदों की सहायता के इस अभियान के जरिए स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी की मानवीय संवेदनाओं और समाजसेवा की भावना को नमन किया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की तैयारी है।
हजारों यजमानों व प्रकांड पंडितों का होगा सम्मान
कार्यक्रम में पूर्वांचल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचने वाले हजारों यजमानों एवं प्रकांड पंडितों का विशेष नागरिक अभिनंदन और सम्मान भी किया जाएगा। धार्मिक, सामाजिक एवं शैक्षिक क्षेत्र से जुड़े विशिष्ट लोगों की मौजूदगी कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान करेगी।
पूर्वांचल की प्रमुख हस्तियों का लगेगा जमावड़ा
पुण्यतिथि कार्यक्रम में संतकबीरनगर और बस्ती जनपद समेत पूरे पूर्वांचल के कद्दावर नेता, शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भिटहा पहुंचेंगे। सभी लोग स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे और उनके शिक्षा, समाजसेवा एवं जनकल्याण से जुड़े योगदान को स्मरण करेंगे।
जय चौबे ने की भावुक अपील
पुण्यतिथि कार्यक्रम को लेकर पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने क्षेत्रवासियों, समर्थकों, शुभचिंतकों और दादा जी के प्रति श्रद्धा रखने वाले लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भिटहा पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 3 अक्टूबर को भिटहा पहुंचकर स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी को अपने श्रद्धासुमन अर्पित करें और उनके स्मृति कार्यक्रम के सहभागी बनें।
पुण्यतिथि को लेकर भिटहा सहित आसपास के क्षेत्रों में विशेष उत्साह का माहौल है। आयोजन में श्रद्धांजलि, सेवा, सम्मान और सामाजिक सहभागिता के विभिन्न आयाम देखने को मिलेंगे। 3 अक्टूबर को भिटहा में होने वाला यह आयोजन स्व. पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी के शिक्षा और सेवा के संकल्प को स्मरण करने के साथ उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संदेश भी देगा।





