उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बुजुर्ग और दिव्यांगों को मिलने वाले राशन को लेकर बड़ा ऐलान किया है, जिसके तहत राज्य के वृद्ध, दिव्यांग, असहाय और निराश्रित लोगों को मिलने वाला राशन उन्हें घर बैठे मुहैया कराया जाएगा। जिसके बाद अब उन्हें राशन के लिए सरकारी दुकान तक नहीं जाना पड़ेगा. इसमें अगर किसी ने लापरवाही बरती तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यूपी सरकार में खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडे ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री ने कहा कि अब से राज्य में रहने वाले अकेले बुजुर्ग, दिव्यांग और असहाय लोगों को राशन लेने के लिए दुकान तक जाना नहीं पड़ेगा. ऐसे लोगों को उनके घर में ही सरकार द्वारा राशन मुहैया कराया जाएगा।
पात्र लोगों तक राशन पहुंचाना प्राथमिकता
मनोज पांडे ने कहा कि सरकार सरकार चाहती है कि ये सुनिश्चित किया जाए कि राज्य में सभी पात्र लोगों को राशन मिल सके। कोई भी ऐसा व्यक्ति जो शारीरिक रूप से अक्षम या राशन की दुकान तक जाने में असमर्थ है वो राशन से वंचित न रह जाए, उनके लिए राशन वितरण प्रणाली में कई सुधार किए गए हैं।







