जम्मू-कश्मीर सरकार ने आयुष्मान भारत PM-JAY SEHAT स्कीम के तहत अनावश्यक पेसमेकर और कार्डियक प्रक्रियाओं के एक बड़े रैकेट का पता लगने के बाद व्यापक जांच के आदेश दे दिए हैं। अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) में हुई 103 सर्जरी संदिग्ध पाई गई हैं। सरकार ने कार्डियोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सैयद मकबूल अहमद शाह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। ऑडिट रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि कई मरीजों को ऐसी सर्जरी की जरूरत ही नहीं थी, फिर भी उन पर ‘डुअल चैंबर पेसमेकर इम्प्लांटेशन’ का क्लेम किया गया। वास्तव में उन पर ‘लेफ्ट बंडल ब्रांच एरिया पेसिंग’ (LBBAP) की गई. SKIMS के विशेषज्ञों के मूल्यांकन में 55 LBBAP केसों में से 27 (49%) मरीजों का लेफ्ट वेंट्रिकुलर फंक्शन पूरी तरह सामान्य पाया गया, जिससे सर्जरी का कोई मेडिकल आधार नहीं था।






