मुजफ्फरनगर में मुस्लिम युवक के साथ मारपीट करने वाले 17 लोगों पर FIR दर्ज हुई है
मुजफ्फरनगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में अपनी महिला मित्र के साथ छोले भटूरे खा रहे मुस्लिम युवक की पिटाई का मामला अब बढ़ता जा रहा है। युवती ने मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। मामले में पांच नामजद और 12 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कराया गया है। ये पूरी घटना रविवार की है, जब एक हिंदू युवती अपने मुस्लिम दोस्त महताब के साथ जिला परिषद मार्केट में कुछ सामान लेने गई थी। इसी दौरान दोनों एक दुकान में बैठकर छोले भटूरे खा रहे थे कि तभी हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोग पहुंचे और मेहताब के साथ मारपीट की।
मुजफ्फरनगर मारपीट मामले में थाना सिविल लाइन को दी अपनी शिकायत में युवती ने बताया कि वह रविवार को दोपहर करीब 3:30 बजे अपने दोस्त महताब के साथ कुछ दवाइयां लेने के लिए जिला परिषद मार्केट गई थी। दवाइयां खरीदने के बाद दोनों पास की एक दुकान पर छोले भटूरे खाने लगे। इसी दौरान वहां पांच लड़के आए और खुद को हिंदू संगठन का कार्यकर्ता बताते हुए दोनों से नाम पता पूछने लगे। नाम बताने पर पांचों लड़कों ने फोन कर अपने 10-12 साथियों को भी बुला लिया।
अपनी लिखित शिकायत में युवती ने बताया, ‘इन पांचों लड़कों के नाम गौरव शर्मा, कुशल वीर, शुभम, प्रशांत शर्मा और लोकेश सैनी हैं। इन्होंने अपने साथियों से कुछ बातें की और इसके बाद हमारा रास्ता रोकते हुए, हमें घेरकर खड़े हो गए, जिससे हम वहां से भाग ना सकें। फिर मुझे गंदी-गंदी गालियां देते हुए कहा कि हिंदू होकर मुसलमान लड़के के साथ घूमती हो।’
‘मेरे बाल पकड़े, कपड़े अस्त-व्यस्त हो गए’
युवती ने आगे कहा कि इसके बाद इन लोगों ने गालियां देते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। जब युवती ने विरोध किया, तो उसके साथ छेड़खानी की गई और बदतमीजी करते हुए, बाल पकड़कर नीचे गिरा दिया गया। युवती का आरोप है कि इससे उनके कपड़े भी अस्त-व्यस्त हो गए। उन लोगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास से गुजर रहे लोगों ने किसी तरह उसे और उसके दोस्त को हमलावरों से बचाया।
पुलिस को देख बदल गए आरोपी के सुर, कहने लगा हिंदुस्तान जिंदाबाद
मारपीट मामले में 17 लोगों पर FIR दर्ज
मुजफ्फरनगर पुलिस ने इस मामले में महताब का मेडिकल कराने के बाद कुल 17 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है, जिनमें से पांच नामजद है। आरोपियों पर बीएनएस की धारा 191 (2), 126 (2), 115 (2), 74, 75 (2), 75 (3), 352 और 351 (3) के तहत केस दर्ज किया गया है। एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि वीडियो फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर सभी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

