अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक को लेकर आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष की ओर से जारी नोटिस में बताया गया है कि यह बैठक 6 जुलाई को दोपहर 3 बजे होगी। यह बैठक अयोध्या के मणि राम दास छावनी में होगी. इस बैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफ़े पर विचार किया जाएगा. साथ ही SIT की अंतरिम रिपोर्ट पर भी चर्चा की जाएगी। वहीं आगामी मंदिर प्रबंधन संबंधित व्यवस्थाओं पर विचार, सीईओ पद सृजन पर भी चर्चा की जाएगी। इसके अलावा राम मंदिर से जुड़ी वित्तीय जानकारी की रिपोर्ट पर चर्चा और राम मंदिर से जुड़े अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी संभव बताई जा रही है। इस बैठक को लेकर शनिवार (4 जुलाई) को आधिकारिक रूप से ऐलान कर दिया गया है।
बैठक को लेकर जारी किया गया ये आदेश
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की न्यासी बैठक को लेकर जारी आदेश में महत्वपूर्ण जानकारी के साथ सभी सदस्यों से इस बैठक को सफल बनाने की अपील की गई है. आदेश में कहा गया है कि सभी सदस्यों को सूचित किया जाता है ट्रस्ट के अध्यक्ष की अनुमति से कोषाध्यक्ष द्वारा सोमवार को एक बैठक आहूत की गई है।
यह बैठक अति आवश्यक विषयों पर विचार-विमर्श एवं आवश्यक निर्णय लिए जाने हेतु अल्प सूचना पर बुलाई गई है. सभी संबंधित सदस्यों से अनुरोध है कि वे निर्धारित समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर बैठक को सफल बनाने का कष्ट करें।
महंत दिनेन्द्र दास बैठक से पहले दी यह जानकारी
महंत दिनेन्द्र दास महाराज ने शुक्रवार (3 जुलाई) को संकेत दिया कि 6 जुलाई को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी और बैठक के बाद आगे की दिशा को लेकर निर्णय सामने आ सकते हैं. उन्होंने बताया कि बैठक में शामिल होने के लिए सभी सदस्यों को निमंत्रण भेजा गया है। बैठक में ट्रस्ट से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी, जिसमें सभी सदस्य शामिल होंगे. इस दौरान एसआईटी की जांच और उससे जुड़े आरोपों के बीच इस्तीफों के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।







