उत्तर प्रदेश में अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. इसको लेकर विभिन्न दलों ने वोटरों को लुभाने का काम भी शुरू कर दिया है। इसी क्रम में महिला वोटरों को लुभाने के लिए बीजेपी और समाजवादी पार्टी आमने-सामने दिखाई दे रही हैं। खबरें हैं कि प्रदेश सरकार 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को 50-50 हजार रुपये देने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक इसकी पहली किस्त 20,000 रुपये की होगी और बाकी किस्त सरकार बनने के बाद देने की खबरें हैं।
हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इसपर अब समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव और सपा सांसद डिंपल यादव ने प्रतिक्रिया दी है. सपा ने इसे बीजेपी का जुमला करार दिया है और कहा है कि बीजेपी महिलाओं के कॉन्शियस को खरीदने का काम कर रही है।
डिंपल यादव ने कहा- ये कॉन्शियस को खरीदने की कोशिश है
मीडिया के सवालों के जवाब में सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा, हमने बिहार में भी देखा था कि कैसे सरकार ने महिलाओं के खाते में पैसे पहुंचाने का काम किया था. महाराष्ट्र में भी किया था। हम इसके लिए तैयार हैं और हम जानते हैं कि सरकार इस तरह का कुछ न कुछ करेगी। समाजवादी पार्टी इसके लिए तैयार है. इस तरह के फैसले का हम स्वागत नहीं करते हैं।
सपा सांसद ने आगे कहा, “चुनाव से पहले इस तरह महिलाओं के खाते में पैसे डालकर कहीं न कहीं आप उनके कॉन्शियस को खरीदने की कोशिश कर रहे हैं. सरकार को अपना कार्य करना चाहिए. 10 साल तो उन्होंने भ्रष्टाचार किया. आज सड़कों की हालत देखिए, युवाओं के पास नौकरियां नहीं हैं. PDA को आरक्षण मिलना चाहिए वो भी नहीं मिल रहा है।







