राम के वनवास पर माँ रोई, पिता ने प्राण त्याग दिए… क्या पिता का प्रेम माँ से भी गहरा होता है?

माँ की ममता संसार में सबसे सुंदर भावना मानी जाती है, लेकिन पिता के प्रेम की गहराई को समझना इतना आसान नहीं। माँ अपनी संतान के लिए आँसू बहाती है, तो पिता कई बार उसी संतान के वियोग में अपने प्राण तक त्याग देता है। पिता का प्रेम शोर नहीं करता, वह खामोशी से पूरी जिंदगी परिवार के नाम कर देता है।कभी-कभी जीवन में कुछ प्रसंग ऐसे सामने आते हैं, जो हमें रिश्तों की गहराई को नए सिरे से समझने के लिए मजबूर कर देते हैं। रामायण का एक प्रसंग ऐसा ही है, जिसे जितनी बार पढ़ा जाए, उतनी बार मन भावुक हो जाता है।पिता वह शख्स है, जो अपनी संतान को जीवन देने के बाद अपनी पूरी जिंदगी उसकी जिंदगी सँवारने में लगा देता है।*
और शायद इसीलिए कहा जा सकता है— माँ की ममता का कोई मोल नहीं, पिता के त्याग का भी कोई तोल नहीं।
माँ की गोद में बचपन मुस्कुराता है, माँ पिता के साये में जीवन आगे बढ़ पाता है। माँ अपने आँचल में दर्द छिपा लेती है, पिता अपनी खामोशी में पूरी दुनिया समेट लेता है। राम के वनवास पर कौशल्या का हृदय रोया, दशरथ ने पुत्र-वियोग में जीवन खोया। एक ने आँसुओं से प्रेम जताया, दूसरे ने प्राण देकर अपना दर्द बताया। जब मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम को चौदह वर्ष का वनवास मिला, तब माता कौशल्या का हृदय व्याकुल हो उठा। एक माँ के लिए अपने पुत्र को अपनी आँखों से दूर जाते देखना कितना कठिन होता है, इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। माता कौशल्या का मन भी राम के पीछे वन जाने को आतुर था। वह अपने पुत्र को छोड़ना नहीं चाहती थीं। उनकी आँखों में आँसू थे, हृदय में पीड़ा थी और मन में अपने बेटे को रोक लेने की तीव्र इच्छा थी। लेकिन इसी प्रसंग का दूसरा पक्ष राजा दशरथ का है। एक पिता, जिसने अपने जीवन का सबसे प्रिय हिस्सा अपने पुत्र राम में देखा था, वह अपने ही दिए हुए वचन के कारण अपने पुत्र को वनवास जाते देखने के लिए विवश था। वह राजा था, जिसके पास अयोध्या का वैभव था, अपार संपत्ति थी, सम्मान था, शक्ति थी, लेकिन अपने पुत्र को रोक पाने की शक्ति नहीं थी।
राम के वन जाने के बाद दशरथ की स्थिति ऐसी हो गई, जैसे किसी ने उनके शरीर से प्राण निकाल लिए हों। वह बार-बार राम को याद करते रहे। उनके मुख से राम का नाम निकलता रहा और अंततः पुत्र-वियोग सहन न कर पाने के कारण उन्होंने अपने प्राण त्याग दिए। यह प्रसंग एक प्रश्न छोड़ जाता है। *माँ राम के पीछे वन जाने को तैयार थी, लेकिन पिता ने राम के वियोग में अपने प्राण ही त्याग दिए। आखिर पिता के हृदय में संतान के लिए कितना प्रेम छिपा होता है?* क्या पिता का प्रेम माँ से भी अधिक होता है? शायद नहीं। प्रेम की तुलना नहीं की जा सकती। माँ और पिता दोनों का प्रेम अपनी-अपनी जगह अनमोल है। लेकिन पिता के प्रेम की एक विशेषता है। वह अक्सर दिखाई कम देता है, महसूस देर से होता है और समझ तब आता है, जब जीवन हमें उसकी अनुपस्थिति का एहसास कराता है।
पिता का प्रेम शब्दों का मोहताज नहीं होता— माँ अपने बच्चे को गोद में लेकर दुलार करती है। उसकी छोटी-सी चोट पर बेचैन हो जाती है। बच्चा रोता है तो माँ का मन भी रोता है। वह अपने आँचल में बच्चे के सारे दुख समेट लेना चाहती है। पिता भी उतना ही प्रेम करता है, लेकिन उसका तरीका अलग होता है। वह बच्चे के सामने अक्सर मजबूत बने रहने का प्रयास करता है। उसे अपनी परेशानियाँ नहीं बताता। घर में आर्थिक संकट हो, नौकरी का तनाव हो, बीमारी हो या कोई बड़ी जिम्मेदारी, वह कोशिश करता है कि बच्चों तक उसकी परेशानी न पहुँचे। बच्चे की फीस भरनी हो, उसकी किताबें खरीदनी हों, उसे अच्छे स्कूल में पढ़ाना हो या उसके भविष्य के लिए अपनी इच्छाओं का त्याग करना हो, पिता बिना किसी शिकायत के सब करता चला जाता है। कई बार वह अपनी पुरानी कमीज पहन लेता है, लेकिन बेटे के लिए नए कपड़े खरीदता है। अपने शौक छोड़ देता है, लेकिन बच्चों की इच्छाएँ पूरी करने का प्रयास करता है। वह अपने लिए महँगी चीजें नहीं खरीदता, लेकिन संतान की जरूरत के सामने अपनी जेब खाली कर देता है।
और सबसे बड़ी बात, वह कभी इसका हिसाब नहीं माँगता।
पिता अपने आँसू छिपाना जानता है— एक पिता का जीवन भी कितना अजीब होता है। बचपन में बच्चा गिरता है तो पिता उसे उठाता है। बच्चा स्कूल जाता है तो पिता उसका हाथ पकड़कर सड़क पार करवाता है। बच्चा बड़ा होता है तो पिता उसे दुनिया की कठिनाइयों से लड़ना सिखाता है।
लेकिन जब वही बच्चा बड़ा होकर अपने पैरों पर खड़ा हो जाता है, तब पिता धीरे-धीरे पीछे हटने लगता है। वह चाहता है कि उसकी संतान उससे आगे बढ़े। वह चाहता है कि बच्चे उससे अधिक सफल हों, उससे अधिक सुखी हों और उन्हें वे सुविधाएँ मिलें, जिनका सपना उसने कभी अपने लिए देखा था। पिता अपनी अधूरी इच्छाओं को बच्चों की उपलब्धियों में पूरा होते देखता है। बेटे को पहली नौकरी मिलती है तो पिता की आँखों में गर्व होता है। बेटी की शादी होती है तो वह मुस्कुराता जरूर है, लेकिन मन के किसी कोने में एक टीस भी होती है। जिस बेटी को कभी उँगली पकड़कर चलना सिखाया था, आज उसे किसी दूसरे घर विदा करना पड़ता है। वह विदाई के समय अक्सर अपने आँसू रोकता है। क्योंकि उसे लगता है कि यदि वह टूट गया तो बेटी को कौन संभालेगा? लेकिन कौन समझता है कि उस मुस्कान के पीछे कितना दर्द छिपा होता है?
पिता का त्याग उम्र के साथ समझ आता है— बचपन में हमें लगता है कि पिता का काम केवल डाँटना है। समय पर घर आओ, पढ़ाई करो, गलत संगत से दूर रहो, पैसे सोच-समझकर खर्च करो, जीवन में अनुशासन रखो। उस समय पिता की बातें कठोर लगती हैं। हमें लगता है कि वह हमारी स्वतंत्रता में बाधा बन रहे हैं। लेकिन जब हम स्वयं माता-पिता बनते हैं, तब समझ आता है कि पिता की डाँट के पीछे भी चिंता थी। जिस व्यक्ति को हम अपनी इच्छाओं का विरोधी समझते थे, वह वास्तव में हमारे भविष्य का सबसे बड़ा शुभचिंतक था। जिसने हमें कभी गलत रास्ते पर जाने नहीं दिया, वह हमें जीवन की उन ठोकरों से बचाना चाहता था, जिन्हें वह स्वयं खा चुका था। पिता का अनुभव उसकी संतान के लिए एक ऐसी विरासत है, जिसकी कीमत किसी संपत्ति से नहीं आँकी जा सकती।
पिता अपनी थकान नहीं बताता— कभी गौर कीजिएगा, पिता घर लौटता है तो उसके चेहरे पर दिनभर की थकान होती है। कभी कार्यालय की परेशानियाँ, कभी व्यापार की चिंता, कभी परिवार की जिम्मेदारियाँ, कभी भविष्य की योजनाएँ। लेकिन घर में प्रवेश करते ही वह सामान्य रहने का प्रयास करता है। उसे पता है कि घर में बच्चे उसका इंतजार कर रहे हैं। पत्नी उसकी राह देख रही है। घर की जरूरतें उसकी ओर देख रही हैं। वह जानता है कि यदि वह कमजोर पड़ गया तो परिवार का सहारा कौन बनेगा?
इसलिए वह अपनी तकलीफों को छिपाकर मुस्कुराता है।
कभी-कभी पिता बीमार होने पर भी अपनी बीमारी को गंभीरता से नहीं लेता। वह सोचता है कि पहले बच्चों का काम पूरा हो जाए, फिर अपना इलाज करवा लूँगा।
कभी अपनी दवाई छोड़कर बच्चे की जरूरत पूरी करता है। कभी अपनी यात्रा टालकर बेटे की परीक्षा में उसके साथ खड़ा होता है। कभी अपनी पसंद का भोजन छोड़कर परिवार की पसंद का भोजन घर लाता है। यह सब करते हुए उसे किसी पुरस्कार की अपेक्षा नहीं होती।उसके लिए सबसे बड़ा पुरस्कार यही होता है कि उसके बच्चे सुरक्षित और खुश रहें।
राम के वनवास में दशरथ का दर्द केवल एक पिता का दर्द नहीं था। राजा दशरथ के जीवन को देखिए। उनके पास सब कुछ था। राजमहल था, राजसिंहासन था, सेना थी, सेवक थे, प्रतिष्ठा थी। लेकिन जब राम उनसे दूर हुए, तब ये सभी सुख अर्थहीन हो गए। यह हमें बताता है कि इंसान चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो जाए, उसके जीवन में कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं, जिनके बिना उसका अस्तित्व अधूरा है।
दशरथ के लिए राम केवल राजकुमार नहीं थे। राम उनके जीवन का आधार थे। पुत्र-वियोग ने उन्हें भीतर से तोड़ दिया। इस प्रसंग में पिता के प्रेम की वह गहराई दिखाई देती है, जिसे शब्दों में बाँधना कठिन है।
एक राजा अपने राज्य के बिना जी सकता है, लेकिन एक पिता अपने प्रिय पुत्र के वियोग में टूट सकता है।
यही पिता के हृदय की संवेदनशीलता है।- पिता बेटी के लिए भी उतना ही भावुक होता है-/ अक्सर कहा जाता है कि पिता अपनी बेटी के सबसे करीब होता है। बेटी जब छोटी होती है तो पिता की उँगली पकड़कर चलती है। पिता उसे दुनिया की सबसे सुंदर परी समझता है। उसकी छोटी-छोटी फरमाइशें पूरी करने में उसे खुशी मिलती है। बेटी जब पहली बार स्कूल जाती है तो पिता गर्व महसूस करता है। जब वह बड़ी होती है, पढ़ाई करती है, अपने सपनों की ओर बढ़ती है, तो पिता मन ही मन उसके लिए हजारों दुआएँ करता है। लेकिन एक दिन ऐसा आता है, जब उसी बेटी को विदा करना पड़ता है। उस दिन पिता के लिए घर का एक कोना हमेशा के लिए बदल जाता है। बेटी विदा होते समय माँ से लिपटकर रोती है। पिता अक्सर थोड़ी दूरी पर खड़ा रहता है। वह बेटी को हिम्मत देता है, उसे समझाता है कि अब वही उसका घर है।
लेकिन उसके अपने मन का क्या? वह पिता, जिसने कभी बेटी को एक पल के लिए भी अकेला नहीं छोड़ा, आज उसे किसी और के साथ जीवन बिताने के लिए विदा कर रहा होता है। बेटी चली जाती है, लेकिन पिता की प्रतीक्षा खत्म नहीं होती। फोन की घंटी बजती है तो वह सोचता है शायद बेटी का फोन होगा। त्योहार आता है तो उसे बेटी की याद आती है। घर में कोई अच्छी चीज बनती है तो वह कहता है, बेटी आती तो उसे भी खिलाते। पिता बेटी को कभी पराया नहीं मानता। उसके लिए बेटी हमेशा उसकी नन्ही बच्ची ही रहती है।
पिता की सबसे बड़ी कमाई उसकी संतान होती है— एक पिता जीवनभर कमाता है। कोई नौकरी करके, कोई व्यापार करके, कोई खेती करके और कोई अपने श्रम से परिवार का भविष्य सँवारता है।
लेकिन पिता की असली कमाई बैंक खाते में जमा धन नहीं होती। उसकी असली कमाई होती है उसके बच्चों के संस्कार, उनकी शिक्षा, उनका आत्मसम्मान और उनके जीवन की सफलता। जब बेटा समाज में सम्मान पाता है, पिता का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। जब बेटी अपने पैरों पर खड़ी होती है, पिता को लगता है कि उसकी सारी मेहनत सफल हो गई। जब बच्चे अपने माता-पिता का सम्मान करते हैं, उनकी जरूरतों का ध्यान रखते हैं और उनके साथ समय बिताते हैं, तब पिता को लगता है कि उसने जीवन की सबसे बड़ी पूँजी अर्जित कर ली।
लेकिन अफसोस, कई बार हम इस पूँजी का मूल्य तब समझते हैं, जब उसे खो चुके होते हैं। पिता के जीवित रहते उसका सम्मान कीजिए—हम अक्सर माँ के आँसुओं को देख लेते हैं, लेकिन पिता की आँखों में छिपी नमी को नहीं पढ़ पाते। माँ की तबीयत खराब हो तो पूरा घर परेशान हो जाता है, लेकिन पिता की बीमारी को कई बार उम्र का असर समझकर टाल दिया जाता है। माँ से हम घंटों बातें करते हैं, लेकिन पिता के पास बैठने के लिए हमारे पास समय नहीं होता। पिता फोन करता है तो हम कहते हैं, अभी व्यस्त हूँ, बाद में बात करता हूँ। वह दोबारा फोन नहीं करता। शायद उसे लगता है कि बच्चा व्यस्त है।
लेकिन वह इंतजार करता रहता है।- उसे हमारी सफलता से ज्यादा हमारी आवाज सुनने की खुशी होती है। उसे महँगे उपहार नहीं चाहिए। उसे केवल इतना चाहिए कि कभी हम स्वयं उसके पास बैठें, उसका हाल पूछें और उससे कहें कि आपने हमारे लिए बहुत कुछ किया है।
यकीन मानिए, पिता के लिए इससे बड़ा सम्मान कोई नहीं हो सकता। पिता की कमी कोई पूरी नहीं कर सकता—जब तक पिता घर में होता है, हमें लगता है कि हमारे पास एक मजबूत दीवार है। किसी परेशानी में सबसे पहले उसी का चेहरा याद आता है। कोई निर्णय लेना हो तो मन करता है कि एक बार पापा से पूछ लें। किसी से शिकायत हो तो लगता है कि पापा सब ठीक कर देंगे। लेकिन जब पिता दुनिया से चला जाता है, तब समझ आता है कि सिर से केवल एक व्यक्ति का साया नहीं उठा, बल्कि जीवन का एक बहुत बड़ा सहारा चला गया। घर वही रहता है, कमरे वही रहते हैं, तस्वीरें भी वहीं लगी रहती हैं, लेकिन घर की आवाज बदल जाती है। दरवाजे पर किसी के आने की प्रतीक्षा खत्म हो जाती है। अब कोई यह नहीं पूछता कि देर क्यों हो गई? अब कोई बिना बताए हमारी परेशानियाँ नहीं समझता। अब कोई हमारी छोटी-सी उपलब्धि पर वैसी खुशी नहीं मनाता। पिता की तस्वीर सामने होती है और मन में हजारों बातें होती हैं, जिन्हें कहने के लिए अब वह मौजूद नहीं होता।
काश! एक बार फिर उनका हाथ सिर पर महसूस कर पाते।
काश! एक बार फिर उनकी डाँट सुन पाते। काश! एक बार फिर उनके साथ बैठकर चाय पी पाते। लेकिन जीवन में कुछ काश ऐसे होते हैं, जिनका कोई उत्तर नहीं मिलता। क्या पिता का प्रेम माँ से अधिक होता है? इस प्रश्न का उत्तर शायद किसी के पास नहीं है। माँ और पिता के प्रेम को तराजू में नहीं तौला जा सकता। माँ बच्चे को नौ महीने अपनी कोख में रखती है, उसे जन्म देती है और अपने आँचल में पालती है। पिता अपने कंधों पर उसकी जिम्मेदारियाँ उठाता है, उसके भविष्य के लिए संघर्ष करता है और जीवनभर उसकी सुरक्षा का प्रयास करता है। माँ बच्चे के दर्द को देखकर रोती है, पिता बच्चे के दर्द को दूर करने के लिए खुद दर्द सहता है। माँ की ममता दिखाई देती है, पिता का त्याग कई बार दिखाई नहीं देता। माँ कहती है कि बेटा खाना खा लेना, पिता चुपचाप पैसे भेज देता है ताकि बेटा भूखा न रहे। माँ कहती है कि अपना ध्यान रखना, पिता अपनी पूरी जिंदगी बच्चे का ध्यान रखने में लगा देता है। माँ के आँचल में सुकून मिलता है, पिता के कंधों पर दुनिया से लड़ने की हिम्मत मिलती है। दोनों का प्रेम अनमोल है। दोनों का त्याग महान है। लेकिन पिता के प्रेम को कम करके आँकना भी एक बड़ी भूल है।
रामायण में राजा दशरथ का पुत्र-वियोग हमें यह सिखाता है कि पिता का हृदय भी उतना ही कोमल होता है, जितना माँ का। अंतर केवल इतना है कि पिता अपने प्रेम को हमेशा शब्दों में व्यक्त नहीं कर पाता। वह अपने बच्चों के लिए पूरी दुनिया से लड़ सकता है, लेकिन कई बार अपने बच्चों के सामने अपने आँसू नहीं दिखा पाता। वह चाहता है कि उसकी संतान उससे आगे बढ़े, उससे अधिक सुखी रहे और उसे कभी किसी चीज की कमी न हो। इसलिए पिता को केवल परिवार का मुखिया मत समझिए। वह उस वृक्ष की तरह है, जो स्वयं धूप में खड़ा रहकर अपने परिवार को छाया देता है।
जब तक वह खड़ा रहता है, उसकी छाया का महत्व शायद समझ नहीं आता। लेकिन जब वह वृक्ष नहीं रहता, तब धूप की तपिश का एहसास होता है।
*पिता वह शख्स है, जो अपनी संतान को जीवन देने के बाद अपनी पूरी जिंदगी उसकी जिंदगी सँवारने में लगा देता है।*
और शायद इसीलिए कहा जा सकता है—
माँ की ममता का कोई मोल नहीं,
पिता के त्याग का भी कोई तोल नहीं।
माँ की गोद में बचपन मुस्कुराता है,
पिता के साये में जीवन आगे बढ़ पाता है।
माँ अपने आँचल में दर्द छिपा लेती है,
पिता अपनी खामोशी में पूरी दुनिया समेट लेता है।
राम के वनवास पर कौशल्या का हृदय रोया,
दशरथ ने पुत्र-वियोग में जीवन खोया।
एक ने आँसुओं से प्रेम जताया,
दूसरे ने प्राण देकर अपना दर्द बताया।
*माँ जीवन की पहली ममता है, तो पिता जीवन का वह मजबूत आधार है, जिसके रहते संतान खुद को कभी अकेला नहीं समझती।* इसलिए पिता का हाथ सिर पर है तो उसकी कीमत समझिए। उसके साथ बैठिए, उसकी बातें सुनिए और उसे महसूस कराइए कि उसकी पूरी जिंदगी का संघर्ष व्यर्थ नहीं गया। क्योंकि पिता के जाने के बाद उसकी संपत्ति तो बाँटी जा सकती है, लेकिन उसका साया, उसका स्नेह और उसका आशीर्वाद कभी बाँटा नहीं जा सकता। *पिता की मौजूदगी में उसका सम्मान कीजिए, क्योंकि पिता के जाने के बाद दुनिया की कोई भी दौलत उसकी कमी पूरी नहीं कर सकती।* माँ और पिता के प्रेम की तुलना नहीं हो सकती, लेकिन पिता के मौन त्याग और उसके भीतर छिपे अथाह प्रेम को समझना हर संतान का कर्तव्य है।

– ऊषा शुक्ला

  • Related Posts

    बीकानेर में पत्नी को दुल्हन बनाकर दी अंतिम विदाई

    बीकानेर में एक पति ने अपनी पत्नी को…

    Continue reading
    आदिवासियों के लिए लड़ने वाले लोगों को चुनें 

    आदिवासियों के विकास और उत्थान के लिए उनकी…

    Continue reading

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    Delimitation Bill: अब उद्धव ठाकरे गुट ने बढ़ाया सस्पेंस, ‘हमारी पार्टी की…’

    • By TN15
    • November 27, 2026
    Delimitation Bill: अब उद्धव ठाकरे गुट ने बढ़ाया सस्पेंस, ‘हमारी पार्टी की…’

    Delimitation Bill 2026: परिसीमन आयोग में कौन-कौन होते हैं सदस्य, कौन करता है नियुक्ति?

    • By TN15
    • November 27, 2026
    Delimitation Bill 2026: परिसीमन आयोग में कौन-कौन होते हैं सदस्य, कौन करता है नियुक्ति?

    राम के वनवास पर माँ रोई, पिता ने प्राण त्याग दिए… क्या पिता का प्रेम माँ से भी गहरा होता है?

    • By TN15
    • November 27, 2026
    राम के वनवास पर माँ रोई, पिता ने प्राण त्याग दिए… क्या पिता का प्रेम माँ से भी गहरा होता है?

    Explained: ड्रोन के झुंड को चुटकी में खत्म करने वाला ‘भार्गवास्त्र’, कैसे बनेगा गेम चेंजर?

    • By TN15
    • November 27, 2026
    Explained: ड्रोन के झुंड को चुटकी में खत्म करने वाला ‘भार्गवास्त्र’, कैसे बनेगा गेम चेंजर?

    सुप्रिया सुले कल INDIA गठबंधन की बैठक में नहीं होंगी शामिल!

    • By TN15
    • November 27, 2026
    सुप्रिया सुले कल INDIA गठबंधन की बैठक में नहीं होंगी शामिल!

    कार्तिगई दीपम विवाद: नाराज SC ने जारी किया अवमानना नोटिस, रिपोर्ट को बताया ‘घड़ियाली आंसू’

    • By TN15
    • November 27, 2026
    कार्तिगई दीपम विवाद: नाराज SC ने जारी किया अवमानना नोटिस, रिपोर्ट को बताया ‘घड़ियाली आंसू’