चित्रांकन व नारा लेखन प्रतियोगिता में छात्राओं की भागीदारी
मुजफ्फरपुर। वन महोत्सव सप्ताह (01 से 08 जुलाई) के अवसर पर महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय (एम.डी.डी.एम.) के वनस्पति विज्ञान परास्नातक विभाग द्वारा शनिवार को चित्रांकन एवं नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज की प्राचार्या डॉ कनुप्रिया द्वारा वृक्षारोपण के साथ की गई।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ कनुप्रिया ने कहा, “वृक्ष हमारे बड़े भाई की तरह हैं, जो हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन के साथ-साथ छाया और संसाधन भी देते हैं। हमें उनकी रक्षा करनी चाहिए।” उन्होंने छात्राओं से पर्यावरण संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
इस मौके पर विभागाध्यक्ष डॉ श्वेता यादव ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में डॉ नवनीता, डॉ राघवेन्द्र, डॉ आभा कुमारी, डॉ अर्चना गुप्ता, डॉ पल्लवी, हिंदी विभाग अध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी डॉ राकेश रंजन समेत कई शिक्षकों ने अपनी उपस्थिति से छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में सुरभि, सलोनी, नरविदा, स्वाति, दिव्या, शताक्षी सहित अनेक छात्राओं ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।








