देश के कई सेंटर्स पर कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट-यूजी (CUET-UG) 2026 की परीक्षा में देरी पर बवाल हो गया। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बाद में टेक्निकल गड़बड़ी बताया और परीक्षा कुछ देरी से शुरू हुई। इसको लेकर राजनीति भी शुरू हो गई। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि NEET, CBSE, SSC और आज CUET. चार एग्जाम, एक करोड़ बच्चे, एक भी ईमानदारी से नहीं हुआ। राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, ‘दावे विश्वगुरु के, मगर देश में एक परीक्षा नहीं करवा सकते- मोदी जी ने पूरी शिक्षा व्यवस्था तबाह कर दी है.’ उन्होंने आगे लिखा, ‘जिस पीढ़ी का भविष्य आप बर्बाद कर रहे हैं – वही पीढ़ी आपका हिसाब करेगी।
CUET-UG 2026 की परीक्षा के दौरान तकनीकी समस्या
CUET-UG 2026 की परीक्षा के दौरान कई केंद्रों पर तकनीकी समस्या सामने आई, जिसके कारण परीक्षा निर्धारित समय से देर से शुरू हुई. NTA ने कहा कि तकनीकी समस्या को ठीक कर लिया गया है और छात्रों को पूरा परीक्षा समय दिया गया ताकि किसी भी अभ्यर्थी का नुकसान न हो। हाल के दिनों में NEET, CBSE और SSC से जुड़े विवादों के बाद CUET में हुई देरी ने एक बार फिर एग्जाम सिस्टम को लेकर बहस छेड़ दी है. विपक्ष लगातार सरकार और शिक्षा मंत्रालय से जवाब मांग रहा है, जबकि NTA का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
NTA ने दी सफाई
NTA ने कहा कि सुबह की शिफ्ट के सभी छात्रों को पूरा समय दिया गया और किसी भी छात्र को नुकसान नहीं होने दिया गया। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों को हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया. साथ ही सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 91-11-40759000 और ईमेल आईडी cuet-ug@nta.ac.in जारी की गई. CUET-UG परीक्षा कई दिनों और कई शिफ्टों में आयोजित की जाती है क्योंकि इसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल होते हैं और अलग-अलग विषयों के संयोजन के कारण परीक्षा कार्यक्रम विस्तृत होता है। इस साल CUET-UG 2026 परीक्षा 11 मई से शुरू हुई है और 31 मई तक आयोजित की जानी है।







