यह ऐसा दौर चल रहा है कि हर किसी की कीमत है पर आदमी की जान की कोई कीमत नहीं रह गई है। पैसा आदमी के जीवन में इतना हावी हो गया है कि रिश्ते नाते, प्यार मोहब्बत सब दिखावा साबित हो रहा है।
किसी कोई कहीं पर भी मार दिया जा रहा है। कोई कहीं पर भी मर जा रहा है किसी कोई कोई चिंता नहीं। खुद मरने वाले के परिजन भी उदासीन देखे जाते हैं। पंजाब के लुधियाना के जमालपुर में एक लोहा पिघलाने की फैक्ट्री में एक मजदूर भट्टी में गिर गया। उसकी परिजनों को उसकी अस्थियां तक। मतलब भट्टी में हड्डी भी पिघल गई पर किसी को क्या ? अपनी पार्टी, अपना धर्म, अपनी जाति और पैसा ही दिखाई दे रहा है। इस तरह की घटनाओं में वृद्धि क्यों हो रही है ? क्योंकि घटना हो जाती है और मामला मैनेज हो जाता है। नेता, ब्यूरोक्रेट्स जनता सभी भ्रष्ट हैं। किसी के मरने पर कोई असर नहीं पड़ता। जरा कल्पना कीजिये कितनी दर्दनाक घटना है यह कि इस युवक की हड्डी तक नहीं मिली। जानकारी मिली है कि युवक की शादी की तैयारी चल रही थी। युवक गोरखपुर का रहने वाला था।
दरअसल पंजाब के लुधियाना में लोहा पिघलाने वाली फैक्ट्री में गिरकर के मजदूर जिंदा जल गया। परिजनों को अंतिम संस्कार करने के लिए उसकी हड्डियां तक नहीं मिली। मृतक के परिवार में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन लापरवाही और सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंद नहीं होने के कारण उसकी दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने फैक्ट्री मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि मृतक कैसे दर्दनाक हादसे का शिकार हुआ।
यह घटना लुधियाना के जमालपुर इलाके की है। यहां बुड्ढेडेवाल रोड स्थित वाइटल स्टील बार्स लिमिटेड फैक्टरी में 20 मार्च को एक मजदूर जिंदा जल गया। हादसा शुक्रवार की नाइट शिफ्ट के दौरान हुआ। मृतक की पहचान 26 वर्षीय सचिन गौतम के रूप में हुई है, जो कि मूल रूप से गोरखपुर का रहने वाला है। वह काम करते समय अचानक लोहे की भट्ठी में गिर गया, जिससे उसका शरीर पूरी तरह भस्म हो गया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि वह काम करते-करते अचानक भट्ठी में जा गिरा।
जानकारी के मुताबिक इस पूरे घटनाक्रम पर परिजनों ने सुरक्षा में लापरवाही और पुलिस-प्रबंधन की मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाए हैं, उन्हें मृतक की अस्थियां तक भी नहीं मिल पाई हैं। जानकारी के मुताबिक सचिन पिछले ढाई साल से इस फैक्ट्री में काम कर रहा था और उसकी शादी की तैयारी भी चल रही थी। हालांकि परिजनों के विरोध के बाद पुलिस ने फैक्ट्री मालिक असीम अग्रवाल के खिलाफ BNS की धारा 106 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।








