-राजापाकर के बैकुंठपुर पंचायत की सड़क की हालत बद से बदतर
-ग्रामीणों ने उठाई आवाज
संजय श्रीवास्तव
राजापाकर। राजापाकर प्रखंड अंतर्गत बैकुंठपुर पंचायत के वार्ड संख्या 01 स्थित साहू चौक के पास मुख्य सड़क की हालत बारिश के चलते और भी बदतर हो गई है। सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है और जल निकासी की व्यवस्था न होने से पूरी सड़क झील में तब्दील हो गई है।
स्थानीय ग्रामीण सीताराम साह ने बताया कि यह समस्या आज की नहीं है, बल्कि बीते करीब 25 वर्षों से यह मार्ग इसी स्थिति में है। हर वर्ष बारिश के मौसम में यह मार्ग सड़क कम, तालाब ज्यादा नज़र आता है।
इस मार्ग से जफरपट्टी, बाकरपुर, गौसपुर बरियारपुर, बैकुंठपुर समेत कई पंचायतों के लोग राजापाकर थाना और अन्य शासकीय कार्यालयों तक पहुंचते हैं। बावजूद इसके, इस मुख्य मार्ग की दशा पर किसी भी जनप्रतिनिधि ने आज तक ध्यान नहीं दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार विधायक, सांसद और मुखिया आए और गए, लेकिन सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। क्षेत्रवासियों – सीताराम साह, नागेंद्र साह, उपेंद्र साह, विनोद कुमार, माधो सिंह, दिलीप कुमार, मोहम्मद उस्मान, मोहम्मद जब्बार अंसारी, मोहम्मद मंटू, मोहम्मद निजाम, बिलट राम, नरेश साह, दिलीप साह सहित अन्य लोगों ने सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र ही कोई कदम नहीं उठाया गया, तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।








