राजधानी पटना में बीते बुधवार (22 जुलाई, 2026) को छात्र संगठन ने मार्च निकाला था। इस दौरान बीजेपी के कई विधायकों को भी छात्रों के आक्रोश का शिकार होना पड़ा था। गुरुवार (23 जुलाई को विधानसभा में मानसून सत्र के दौरान बीजेपी की ओर से इस मुद्दे को उठाया गया। बीजेपी के विधायक श्यामबाबू प्रसाद यादव ने अपने साथ हुई घटना का जिक्र स्पीकर के सामने किया। सदन के बाहर श्यामबाबू प्रसाद यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बुधवार भगवान की कृपा थी कि हम बचे। दुकानदार भाई लोग अगर शटर गिराकर हमको अंदर नहीं करते तो मेरी हत्या हो सकती थी। पुलिस पहुंची तब हम सुरक्षित बच सके।
बीजेपी विधायक के साथ क्या हुआ था?
बता दें कि बीजेपी विधयाक श्यामबाबू प्रसाद यादव बीते बुधवार को पटना के फ्रेजर रोड में अपनी फॉरचुनर गाड़ी खड़ी कर अभी एक दुकान की तरफ बढ़े ही थे कि तब तक कुछ उपद्रवी पहुंच गए। इसके बाद उनकी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। उनके साथ-साथ उनके चालक और उनके एक करीबी पर भी जानलेवा हमला किया गया। किसी तरह इन लोगों ने अपनी जान बचाई थी. इसी मामले को आज सदन में उन्होंने रखा। जानकारी हो कि बीजेपी के विधायक विनय बिहारी की गाड़ी पर भी कल हमला हुआ था। उन्होंने भी सदन में कल इस घटना का जिक्र किया था और कार्रवाई की मांग की थी।







