मुजफ्फरपुर/बन्दरा। प्रखंड के रतवारा में गुरुवार को सामाजिक कार्यकर्ता श्यामकिशोर की अगुवाई में एक अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र की लंबित जनसमस्याओं को लेकर चिंता जताई गई और सरकार से समाधान नहीं मिलने पर आगामी 30 जुलाई 2025 से आमरण अनशन शुरू करने की घोषणा की गई।
श्यामकिशोर ने गुरुवार की देर शाम बताया कि आमरण अनशन में मुख्य रूप से तीन प्रमुख मांगें शामिल हैं।जिसमें रतवारा-ढोली के बीच पुल निर्माण की मुख्यमंत्री से औपचारिक घोषणा की मांग,रतवारा घाट से मतलूपुर बाबा खगेश्वरनाथ धाम होते हुए मलंगा तक प्रस्तावित सड़क निर्माण, जिसके लिए दो वर्ष पूर्व बोर्ड लगा था, लेकिन रतवारा घाट से मतलपुर तक अभी तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। इससे स्थानीय लोगों के आवागमन में भारी दिक्कतें हो रही हैं।वहीं बड़गांव से शंकरपुर तक बन रही सड़क का निर्माण गुणवत्ता के मानक के अनुरूप नहीं है। इस पर तत्काल जांच व आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।
यह बैठक रतवारा बेसिक स्कूल के पास दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित हुई। इसमें श्यामकिशोर के साथ अवधेश कुशवाहा, नशीर अंसारी, सुरेश महतो, कुंदन सेन, छोटू कुमार, अलाउद्दीन, अमित पोद्दार और मनोज कुमार सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि सरकार समय रहते इन मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं करती है, तो 30 जुलाई से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन की शुरुआत की जाएगी।








